रविवार, 16 अगस्त 2026

गाज़ियाबाद: चाइनीज मांझे ने ली बाइक सवार युवक की जान, गले में फंसकर हुआ गहरा कट!!

शेयर करें:

गाज़ियाबाद: चाइनीज मांझे ने ली बाइक सवार युवक की जान, गले में फंसकर हुआ गहरा कट!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गाजियाबाद। चाइनीज मांझे का जानलेवा कहर एक बार फिर सामने आया है। गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (एनएच-9) पर बाइक से दिल्ली जा रहे 25 वर्षीय युवक की गर्दन में मांझा फंसने से गंभीर रूप से कट गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, 15 अगस्त 2026 को करीब दो बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना खोड़ा और थाना कौशांबी पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि बिहार के खगड़िया निवासी रविराज (25) पुत्र पवन कुमार नोएडा के सेक्टर-63 स्थित बहरामपुर में किराये पर रहकर ऑनलाइन डिलीवरी का काम करता था।

बताया गया कि शनिवार को रविराज अपने दोस्त नरेश निवासी संभल के साथ बाइक से दिल्ली के गाजीपुर किसी काम से जा रहा था। बाइक रविराज चला रहा था और उसने हेलमेट भी पहन रखा था। जैसे ही दोनों की बाइक यूपी गेट से पहले पड़ने वाले पुल के पास पहुंची, अचानक हवा में लटक रहा मांझा रविराज की गर्दन में फंस गया।

मांझे की धार इतनी तेज थी कि रविराज की गर्दन बुरी तरह कट गई और वह गंभीर रूप से घायल होकर बाइक से गिर पड़ा। दोस्त नरेश ने तत्काल मदद की और घायल रविराज को उपचार के लिए मैक्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर उसे बचा नहीं सके और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद थाना कौशांबी पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

चाइनीज मांझे से हुई इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर इसकी बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम इस्तेमाल होने वाला यह धारदार मांझा राहगीरों, बाइक सवारों और पक्षियों के लिए लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। रविराज की मौत ने उसके परिवार और परिचितों को गहरे सदमे में डाल दिया है।।