शनिवार, 8 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: दिव्यांग बच्चों के हाथों से बने तोहफों ने जीता केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा का दिल, बच्चों को गले लगाकर बोले—आपकी मेहनत और हुनर समाज के लिए मिसाल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दिव्यांग बच्चों के हाथों से बने तोहफों ने जीता केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा का दिल, बच्चों को गले लगाकर बोले—आपकी मेहनत और हुनर समाज के लिए मिसाल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। जन्मदिन पर मिलने वाले फूल-मालाओं और औपचारिक शुभकामनाओं से अलग इस बार केंद्रीय राज्य मंत्री, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के मंत्री बीएल वर्मा का जन्मदिन बेहद भावुक और यादगार अंदाज में मनाया गया। नोएडा सेक्टर-70 स्थित फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन के दिव्यांग बच्चों ने अपने हाथों से तैयार किए गए खूबसूरत और रचनात्मक उपहार लेकर दिल्ली स्थित मंत्री के आवास पर पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। बच्चों की मासूमियत, मेहनत और आत्मविश्वास ने मंत्री का दिल जीत लिया।

बच्चों ने मंत्री बीएल वर्मा को लिप्पन आर्ट, हाथों से तैयार किए गए सुंदर फूल, हैंडवॉश और विशेष रूप से तैयार की गई मैगजीन भेंट की। इन उपहारों में केवल बच्चों की कला और रचनात्मकता ही नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास, लगन और भावनाओं की भी झलक दिखाई दी। अपने हाथों से बनाए उपहार बच्चों ने जब मंत्री को सौंपे तो पूरा माहौल भावुक और आत्मीय हो गया।

मंत्री ने बच्चों को गले लगाया, पीठ थपथपाकर बढ़ाया हौसला

बच्चों से मिले आत्मीय सम्मान से केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा बेहद प्रभावित नजर आए। उन्होंने सभी बच्चों को अपने पास बुलाकर गले लगाया और उनकी पीठ थपथपाकर उनका उत्साह बढ़ाया। मंत्री ने बच्चों के साथ काफी समय बिताया और उनकी बनाई कलाकृतियों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ भोजन भी किया।

मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा, मेहनत और रचनात्मकता काबिले-तारीफ है। ऐसे प्रयास समाज को अधिक संवेदनशील, मानवीय और समावेशी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने कहा कि बच्चों के भीतर प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें उचित अवसर, प्रोत्साहन और सम्मान देने की है। समाज को भी ऐसे बच्चों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आगे आना चाहिए।

फाउंडेशन की टीम ने जताया आभार

फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन की टीम और डॉ. महिपाल सिंह ने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा का दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और उनके अधिकारों के प्रति समर्पण प्रेरणादायक है। बच्चों को जिस आत्मीयता और सम्मान के साथ उन्होंने अपने आवास पर समय दिया, उससे बच्चों का उत्साह और आत्मविश्वास और अधिक बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि मंत्री का बच्चों को गले लगाना, उनकी कला की सराहना करना और उनके साथ भोजन करना केवल एक मुलाकात नहीं, बल्कि समाज में समानता, सम्मान और समावेशिता का मजबूत संदेश है।

बच्चों के लिए यादगार बना दिन

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया। मंत्री के साथ समय बिताना, उन्हें अपने हाथों से बनाए उपहार देना और उनके साथ भोजन करना बच्चों के लिए एक यादगार अनुभव रहा। अभिभावकों और फाउंडेशन की टीम ने भी इस आत्मीय मुलाकात को बच्चों के मनोबल और आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला बताया।

फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन के बच्चों की इस पहल ने यह संदेश दिया कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को यदि अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे अपनी कला, प्रतिभा और मेहनत के माध्यम से समाज में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। वहीं मंत्री बीएल वर्मा का बच्चों के साथ आत्मीय व्यवहार कार्यक्रम की सबसे खास बात रहा।।