शनिवार, 8 अगस्त 2026

अम्बेडकरनगर :सीएम योगी ने अंबेडकरनगर को 706.81 करोड़ की 194 विकास परियोजनाओं की दी सौगात।||Ambedkar Nagar:CM Yogi gifted 194 development projects worth Rs 706.81 crore to Ambedkar Nagar.||

शेयर करें:
अम्बेडकरनगर :
सीएम योगी ने अंबेडकरनगर को 706.81 करोड़ की 194 विकास परियोजनाओं की दी सौगात।।
।।ए के चतुर्वेदी ।।
दो टूक : अम्बेडकर नगर के गोविंद साहब धाम से टांडा, आलापुर और जलालपुर क्षेत्र के विकास को मिली नई गति

अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अंबेडकरनगर जनपद के तहसील आलापुर स्थित पूर्वांचल के प्रसिद्ध धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थल गोविंद साहब धाम में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान 706.81 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 158 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 36 नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाणपत्र, चेक तथा सांकेतिक चाबियां भी वितरित कीं। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, स्वास्थ्य, कृषि एवं अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता प्रदान की।

कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने गोविंद साहब धाम पहुंचकर राम-जानकी मंदिर एवं गोविंद साहब की समाधि पर दर्शन-पूजन किया। उन्होंने अन्नप्राशन एवं गोदभराई कार्यक्रम में भाग लिया तथा माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का अवलोकन कर उनकी सराहना की।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार शीघ्र ही नई युवा नीति लागू करेगी, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और रोजगार को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर एम्प्लॉयमेंट जोन स्थापित किए जाएंगे, जहां युवाओं को प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि गोविंद साहब धाम का ऐतिहासिक माघ मेला अब राजकीय मेले के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि अंबेडकरनगर आज विकास का मॉडल बनकर उभरा है। जनपद दो एक्सप्रेसवे से जुड़ चुका है तथा मेडिकल कॉलेज में क्रिटिकल केयर ब्लॉक जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया गया है। उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, रोजगार, किसानों के कल्याण, महिलाओं की सुरक्षा तथा गरीबों के हित में संचालित योजनाओं का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 16 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन, 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ तथा विभिन्न पेंशन योजनाओं के माध्यम से करोड़ों जरूरतमंदों को सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब, किसान, युवा, महिला और व्यापारी सभी वर्गों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा 'साधु', विधान परिषद सदस्य डॉ. हरिओम पांडे, विधायक धर्मराज निषाद, पूर्व सांसद रितेश पांडे, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप देव पटेल सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।