अम्बेडकर नगर :
भारी बारिश में भी नहीं थमा देशभक्ति का जोश,बाइक सवारों ने निकाली तिरंगा यात्रा।
।।ए के चतुर्वेदी।।
दो टूक : अम्बेडकरनगर जनपद के
अकबरपुर में नारायण फाउंडेशन के संरक्षक एवं भाजपा नेता विवेक मौर्य के नेतृत्व में गुरुवार को अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र में विशाल तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। भारी बारिश के बावजूद 1500 से अधिक बाइक सवार युवाओं ने रैली में शामिल होकर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का जोश दिखाया।
यह तिरंगा बाइक रैली डॉ. गणेश कृष्ण जेटली विद्यालय शहजादपुर से शुरू होकर पटेल नगर तक पहुंची। इस दौरान बाइक सवार युवा हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “हर घर तिरंगा” के नारे लगाते हुए आगे बढ़े। बारिश के बीच भी युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ और पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल बना रहा।
सरदार पटेल की प्रतिमा पर हुआ समापन
पटेल नगर पहुंचने के बाद रैली का समापन सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर विवेक मौर्य ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की पहचान, एकता और गौरव का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि आज का भारत युवाओं की ऊर्जा और संकल्प से आगे बढ़ रहा है। तिरंगा प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और देश के विकास में योगदान देने की प्रेरणा देता है।
“तिरंगा हमें कर्तव्य की याद दिलाता है”
विवेक मौर्य ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया था। अब युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे शिक्षा, सेवा, अनुशासन और एकता को अपना ध्येय बनाकर देश को आगे बढ़ाएं।
उन्होंने कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान देश के प्रति नागरिकों की प्रतिबद्धता और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करता है।
जगह-जगह हुआ स्वागत
रैली के मार्ग में स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने तिरंगा लहराकर प्रतिभागियों का स्वागत किया। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा भी की गई। तिरंगे से सजी बाइक और देशभक्ति गीतों के बीच युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
रैली में नारायण फाउंडेशन के पदाधिकारियों, स्थानीय कार्यकर्ताओं, युवाओं तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की सफलता पर विवेक मौर्य ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार जताया।
