गुरुवार, 6 अगस्त 2026

लखनऊ : बेखौफ बदमाशों का आतंक,90 हजार की लूट मामले में पुलिस के हाथ खाली।||Lucknow: Fearless criminals terrorize the area, and the police are helpless in the 90,000 rupee robbery case.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
बेखौफ बदमाशों का आतंक,90 हजार की लूट मामले में पुलिस के हाथ खाली।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कोतवाली गोसाईगंज क्षेत्र में मोबाइल कारोबारी से हुई 90 हजार रुपये और सोने की चेन की लूट की वारदात पुलिस के लिए अब तक चुनौती बनी हुई है। घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। सबसे अहम बात यह है कि पीड़ित ने एक आरोपी की पहचान के साथ-साथ बदमाशों की बाइक का नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया, फिर भी गिरफ्तारी न होना सवाल खड़े कर रहा है।
विस्तार : 
मिली जानकारी के अनुसार दाहिरामऊ गांव निवासी मुकेश कुमार सिंह, जिनकी गोसाईगंज बस स्टॉप के पास मोबाइल की दुकान है रविवार रात करीब 8:45 बजे दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। बेली स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास पहले से पीछा कर रहे बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मारपीट के बाद बदमाश मुकेश की जेब में रखे 90 हजार रुपये नकद और गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए।
 पीड़ित मुकेश का आरोप है कि वारदात में मुकेश रावत निवासी नेवलखेड़ा अपने दो साथियों के साथ शामिल था। घटना के दौरान उसने आरोपियों की बाइक का नंबर भी नोट कर लिया, जिसे तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराया गया।
शिकायत के आधार पर गोसाईगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की लेकिन अब तक न तो किसी आरोपी की गिरफ्तारी हो सकी है और न ही लूटा गया सामान बरामद हो सका है। इससे क्षेत्र में पुलिस के ब्यवहार को लेकर लोगों में चिंता बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पीड़ित ने पुलिस को नाम, वाहन संख्या और अन्य महत्वपूर्ण सुराग उपलब्ध करा दिए हैं, तब भी आरोपियों का खुलेआम घूमना पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। लोगों का मानना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो अपराधियों के हौसले और बुलंद हो सकते हैं।
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि गोसाईगंज पुलिस इस बहुचर्चित लूटकांड का खुलासा कर पीड़ित को न्याय दिलाने में कितनी जल्द सफलता हासिल करती है।