गौतमबुद्धनगर: कासना पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर अपराधी, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद; आरोपी पर पहले से 8 मुकदमे दर्ज!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना कासना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और बुलंदशहर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, रविवार 2 अगस्त 2026 को थाना कासना पुलिस टीम लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग के माध्यम से क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति साईट-5 जाने वाले रास्ते पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर साजिद पुत्र तसव्वर को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 01 अवैध तमंचा मय 01 जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।
बुलंदशहर से गौतमबुद्धनगर तक दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी साजिद (26 वर्ष) मूल रूप से मोहल्ला रुकन सराय, थाना कोतवाली देहात, जिला बुलंदशहर का रहने वाला है और वर्तमान में ग्राम हल्दानी, थाना ईकोटेक-3, गौतमबुद्धनगर में रह रहा है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार साजिद के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, चोरी, लूट, चोरी का माल रखने और बरामदगी से संबंधित धाराओं में कुल 8 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2013 से लेकर वर्ष 2026 तक के मामले शामिल हैं। आरोपी के खिलाफ बुलंदशहर के कोतवाली नगर थाने के अलावा गौतमबुद्धनगर के दनकौर, सूरजपुर, बादलपुर और कासना थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं।
आपराधिक इतिहास में गैंगस्टर एक्ट और लूट-चोरी के मामले
पुलिस के अनुसार आरोपी के आपराधिक इतिहास में गैंगस्टर एक्ट, चोरी, लूट, चोरी का माल रखने और चोरी की घटनाओं से जुड़ी धाराओं में मुकदमे शामिल हैं। वर्ष 2026 में भी उसके खिलाफ थाना कासना में शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बरामद अवैध हथियार को कब्जे में ले लिया है। पुलिस द्वारा आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।।
