गुरुवार, 13 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में दिनदहाड़े पिस्टल की नोक पर 80 हजार की लूट, साइबर कैफे में घुसकर बदमाश फरार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में दिनदहाड़े पिस्टल की नोक पर 80 हजार की लूट, साइबर कैफे में घुसकर बदमाश फरार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

मलकपुर में हथियारबंद बदमाशों ने युवक को डराया-धमकाया और मारपीट कर लूटी नकदी, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात; पुलिस ने चार टीमें लगाकर शुरू की बदमाशों की तलाश

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना सूरजपुर क्षेत्र के मलकपुर में बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े साइबर कैफे के अंदर पिस्टल के बल पर लूट की वारदात से हड़कंप मच गया। दो हथियारबंद बदमाश साइबर कैफे के अंदर घुसे और वहां मौजूद युवक को पिस्टल दिखाकर डराया-धमकाया। आरोप है कि बदमाशों ने युवक के साथ मारपीट की और करीब 80 हजार रुपये की नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात साइबर कैफे में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।

बताया जा रहा है कि वारदात दोपहर करीब 3:15 बजे हुई। अचानक दो बदमाश हथियार लेकर साइबर कैफे में दाखिल हुए। बदमाशों ने वहां बैठे युवक को पिस्टल के बल पर अपने कब्जे में लिया और उसके साथ मारपीट करते हुए नकदी के बारे में जानकारी ली। इसके बाद बदमाश करीब 80 हजार रुपये कैश लेकर मौके से फरार हो गए।

दिनदहाड़े साइबर कैफे में हुई लूट की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। स्थानीय पुलिस और उच्चाधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साइबर कैफे में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, जिसमें बदमाशों की गतिविधियां कैद हुई हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। गठित टीमें CCTV फुटेज, स्थानीय जानकारी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना का जल्द अनावरण करते हुए लूट में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से मलकपुर क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता देखने को मिल रही है।।