अम्बेडकर नगर :
मुख्यमंत्री ने दी पीआरडी जवानों को बड़ी सौगात, मानदेय ₹600 प्रतिदिन और कैशलेस इलाज का ऐलान।।
।। ए.के. चतुर्वेदी।।
दो टूक : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रदेश के प्रान्तीय रक्षक दल (पीआरडी) स्वयंसेवकों को बड़ी सौगात देते हुए उनका दैनिक मानदेय ₹500 से बढ़ाकर ₹600 प्रतिदिन करने की घोषणा की। इसके साथ ही पीआरडी जवानों और उनके परिजनों को कैशलेस चिकित्सा योजना से आच्छादित किए जाने का भी ऐलान किया गया।
युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह, रामगढ़ताल में मुख्यमंत्री का पीआरडी स्वयंसेवकों से सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का जनपद स्तर पर विकास भवन सभागार में लाइव प्रसारण किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीआरडी स्वयंसेवक सेवा, सुरक्षा और समर्पण के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस बल का सहयोग करते हैं। राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों, आपदा, बाढ़, त्योहारों और विभिन्न कार्यालयों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
₹5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा
पीआरडी जवानों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ दिया जाएगा। इसके तहत एक वर्ष में ₹5 लाख तक की स्वास्थ्य सुविधा सरकारी अस्पतालों अथवा कैशलेस स्वास्थ्य योजना से जुड़े अस्पतालों में उपचार के लिए उपलब्ध होगी।
₹23 करोड़ से बनेगी पीआरडी बैरक
मुख्यमंत्री ने लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र स्थित ग्राम परवर पश्चिम में करीब ₹23 करोड़ की लागत से बहुमंजिला पीआरडी बैरक के निर्माण का शिलान्यास भी किया। इसे पीआरडी जवानों के लिए महत्वपूर्ण सौगात माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने पीआरडी स्वयंसेवकों की संख्या बढ़ाने की मंशा भी व्यक्त की। उन्होंने जवानों को अनुशासन, आपसी सहयोग और बेहतर समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अम्बेडकरनगर में करीब 200 जवान रहे मौजूद
विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकास खण्डों से करीब 200 पीआरडी जवान मौजूद रहे। कार्यक्रम मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला के निर्देशन में जिला युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग की संयोजिका सुभाषिनी के संयोजन में आयोजित हुआ।
इस दौरान विधायक कटेहरी धर्मराज निषाद और जिला पंचायत प्रशासक श्याम सुंदर वर्मा (साधू वर्मा) की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री के उद्बोधन के बाद विधायक ने पीआरडी जवानों की तत्परता और सुरक्षा व्यवस्था में उनके योगदान की सराहना करते हुए उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए उपस्थित पीआरडी जवानों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में पीआरडी स्वयंसेवक मौजूद रहे।
