गौतमबुद्धनगर: सलारपुर गांव को बड़ी सौगात: 5.76 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक ग्रीक थीम कम्युनिटी हॉल!!
नोएडा प्राधिकरण ने लंबे समय से चली आ रही ग्रामीणों की मांग को दी मंजूरी, शादी-ब्याह और सामाजिक आयोजनों के लिए मिलेगी आधुनिक व किफायती सुविधा
दो टूक//नोएडा। सेक्टर-81 स्थित ग्राम सलारपुर के निवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। नोएडा प्राधिकरण ने ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए गांव में आधुनिक सुविधाओं से लैस कम्युनिटी हॉल के निर्माण को मंजूरी दे दी है। करीब 5 करोड़ 76 लाख 97 हजार रुपये की लागत से बनने वाला यह कम्युनिटी हॉल आकर्षक ‘ग्रीक थीम’ पर आधारित होगा। इसके निर्माण से स्थानीय लोगों को शादी-विवाह, सामाजिक, सांस्कृतिक और अन्य सामुदायिक आयोजनों के लिए एक व्यवस्थित, सुविधाजनक और अपेक्षाकृत किफायती स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार, कम्युनिटी हॉल के निर्माण को लेकर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) की ओर से 21 जुलाई 2026 को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसके बाद प्राधिकरण ने निर्माण कार्य के लिए निविदाएं आमंत्रित कर दी हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और अनुबंध गठित होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। प्राधिकरण ने कार्य को एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
4,613 वर्ग मीटर भूमि में होगा विकास
प्रस्तावित परियोजना के लिए कुल 4,613.26 वर्ग मीटर भूमि निर्धारित की गई है। इसमें से 486.08 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में दो मंजिला भवन का निर्माण किया जाएगा। भवन की डिजाइन और वास्तुशैली को आकर्षक ‘ग्रीक थीम’ के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिससे कम्युनिटी हॉल न केवल उपयोगी बल्कि देखने में भी आधुनिक और आकर्षक होगा।
ग्राउंड फ्लोर पर होंगी कई सुविधाएं
कम्युनिटी हॉल के ग्राउंड फ्लोर पर डबल-स्टोरी हॉल के साथ रिसेप्शन एरिया विकसित किया जाएगा। इसके अलावा महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था होगी। कार्यक्रमों में विशेष सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक ब्राइडल रूम और एक ग्रूम रूम भी बनाया जाएगा, जिनके साथ अटैच्ड वॉशरूम की सुविधा उपलब्ध होगी।
पहली मंजिल पर हॉल के साथ चार कमरे
कम्युनिटी हॉल की पहली मंजिल पर एक अलग हॉल का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा यहां अटैच्ड वॉशरूम वाले चार कमरे बनाए जाएंगे। इससे बड़े सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों के दौरान लोगों को अतिरिक्त सुविधा मिल सकेगी।
जल निकासी से लेकर सौंदर्यीकरण तक की व्यवस्था
परियोजना में केवल भवन निर्माण ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्र का समुचित विकास भी किया जाएगा। इसके तहत जल निकासी व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, आंतरिक एवं बाहरी सौंदर्यीकरण समेत अन्य आवश्यक विकास कार्य कराए जाएंगे। कम्युनिटी हॉल तक सुगम आवागमन के लिए चौड़े प्रवेश मार्ग का भी निर्माण प्रस्तावित है।
नोएडा प्राधिकरण की इस परियोजना से सलारपुर गांव के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही शादी-विवाह और अन्य सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी। ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने के साथ ही क्षेत्र में सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्राधिकरण की ओर से निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने की बात कही गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित समयसीमा के अनुसार परियोजना को धरातल पर उतारने की तैयारी है।।
