गुरुवार, 20 अगस्त 2026

लखनऊ : गैंगेस्टर एक्ट में फरार चल रहे 50 हजार का इनामी गैंग सरगना को STF ने नई दिल्ली से किया गिरफ्तार।।||Lucknow: The STF arrested a gang leader carrying a reward of Rs 50,000, who was absconding under the Gangster Act, from New Delhi.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
गैंगेस्टर एक्ट में फरार चल रहे 50 हजार का इनामी गैंग सरगना को STF  ने नई दिल्ली से किया गिरफ्तार।।
दो टूक :  गैंगेस्टर एक्ट के मुकदमे में फरार 50 हजार रुपये के इनामी गैंग सरगना छैला बाबू सरोज को यूपी एसटीएफ ने नई दिल्ली से गिरफ्तार कर प्रायागराज के थाना नबावगंज मे दाखिल किया। आरोपी के खिलाफ प्रयागराज के अलग-अलग थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
विस्तार :
एसटीएफ के मुताबिक थाना नवाबगंज, कमिश्नरेट प्रयागराज में दर्ज मु0अ0सं0 175/2026, धारा 2/3 उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम में छैला बाबू सरोज वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।
दिल्ली में छिपकर रह रहा था आरोपी
एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड यूनिट को फरार और इनामी अभियुक्तों के संबंध में लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में टीम अभिसूचना संकलन में जुटी थी।
इसी दौरान सूचना मिली कि गैंगेस्टर एक्ट का आरोपी छैला बाबू सरोज नई दिल्ली में छिपकर रह रहा है। सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, मुख्य आरक्षी सुनील कुमार, राजेश कुमार, पंकज सिंह, संतोष कुमार और चालक अखण्ड प्रताप पाण्डेय की टीम ने 19 अगस्त 2026 को शाम 6:40 बजे नेताजी नगर थाना सरोजनी नगर, नई दिल्ली में वरिंदर कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड के गेट के सामने सड़क से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कई मुकदमों में दर्ज है नाम
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूलरूप से ग्राम बैरेज श्रृंगवेरपुर, थाना नवाबगंज, प्रयागराज का रहने वाला है और उसके साथियों का एक संगठित गिरोह है, जिसका वह सरगना है। आरोपी के अनुसार वर्ष 2025 में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी और लूट की कई घटनाओं को अंजाम दिया था। इन घटनाओं के संबंध में प्रयागराज के विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।
एसटीएफ के अनुसार आरोपी के खिलाफ सराय इनायत, नवाबगंज, बहरिया और मांडा थाना क्षेत्र के अलावा प्रतापगढ़ के सांगीपुर थाने में भी मुकदमे दर्ज हैं। इनमें बीएनएस की धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट और चोरी से संबंधित धाराएं शामिल हैं।
नवाबगंज थाने में दाखिल किया गया
गिरफ्तार आरोपी को नई दिल्ली के थाना सरोजनी नगर में दाखिल करने के बाद संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद उसे थाना नवाबगंज, कमिश्नरेट प्रयागराज में दाखिल किया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जाएगी।
पुलिस के अनुसार छैला बाबू सरोज का आपराधिक इतिहास सामने आने के बाद गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी और फरारी के चलते उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।