गौतमबुद्धनगर:पीजी और किराये के घरों में चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार; 5 लैपटॉप और 10 मोबाइल बरामद!!
दो टूक//नोएडा, 13 अगस्त 2026। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने पीजी और किराये के मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के 5 लैपटॉप, 10 मोबाइल फोन, लैपटॉप बेचकर मिले 4 हजार रुपये नकद और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। मामले में तीन बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, थाना सेक्टर-58 पुलिस ने 13 अगस्त को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को जुबिलियट पार्क, सेक्टर-58 नोएडा से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सागर उर्फ राजा चौधरी (19 वर्ष) निवासी पवई, पन्ना, मध्य प्रदेश, हाल पता विशनपुरा, थाना सेक्टर-58 और हसन (19 वर्ष) निवासी खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद के रूप में हुई है।
किराये के मकानों और पीजी को बनाते थे निशाना
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में स्थित किराये के मकानों और पीजी में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। मौका देखकर आरोपी कमरों से लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे। इसके बाद चोरी किए गए सामान को राहगीरों को सस्ते दामों में बेच दिया जाता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी कुछ लैपटॉप को पूरी तरह खोलकर उनके अलग-अलग पार्ट्स निकाल लेते थे और उन्हें भी बेचकर रकम हासिल करते थे। पुलिस अब बरामद सामान के संबंध में अन्य चोरी की घटनाओं से भी कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
दो चाकू भी बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के कब्जे से एक-एक अवैध चाकू भी बरामद किया है। इस मामले में थाना सेक्टर-58 में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त हसन के खिलाफ इससे पहले भी वर्ष 2025 में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज हो चुका है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0-271/2026, धारा 305(ए) बीएनएस तथा मु0अ0सं0-277/2026, धारा 317(2), 317(5) बीएनएस और 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के सामान की बिक्री से संबंधित जानकारी जुटाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।।
