लखनऊ :
गैस बिल अपडेट के नाम पर साइबर ठगी, युवक के खाते से 4.35 लाख किए पार।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना पीजीआई क्षेत्र में साइबर ठगों ने घरेलू गैस बिल के नाम पर एक युवक से 4 लाख 35 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार थाना पीजीआई क्षेत्र के साउथ सिटी रायबरेली रोड निवासी विशाल तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 2 अगस्त 2026 को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को ग्रीन गैस लिमिटेड से जुड़ा बताते हुए कहा कि घरेलू गैस कनेक्शन का 13 रुपये का बिल बकाया है। इसके बिना भुगतान के आगे का काम नही होगा। इसलिए व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा गया।
पीड़ित के अनुसार लिंक के माध्यम से भुगतान नहीं हो सका, जिसके बाद कॉल करने वाले ने डेबिट कार्ड से भुगतान करने को कहा। इसके बाद उनके मोबाइल पर लगातार कई ओटीपी (OTP) आने लगे। कुछ समय बाद 4 अगस्त को उनके बैंक खाते से 4 लाख 35 हजार रुपये निकल जाने का मैसेज प्राप्त हुआ।
ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने हजरतगंज स्थित साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई जहां से उन्हें पीजीआई थाने में भी तहरीर देने को कहा गया।
पुलिस ने मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर साइबर ठगी करने वाले आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
