लखनऊ :
छत पर सो रहे चौकीदार की चाकू से गोदकर हत्या, 4 सौ मीटर दूर खेत में मिला लहूलुहान शव।
पुराने विवाद में हत्या की आशंका; पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।
दो टूक : लखनऊ के महिगवां थाना क्षेत्र के गनेशपुर गांव में रविवार देर रात निर्माणाधीन मकान की छत पर सो रहे 25 वर्षीय चौकीदार की चाकू से वार कर हत्या कर दी गई। हमले के बाद गंभीर रूप से घायल सतीश छत से नीचे गिर गया और घटनास्थल से करीब 400 मीटर दूर खेत के पास बेसुध हालत में मिला। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक स्थानीय थाना महिगवां क्षेत्र गनेशपुर गॉव में 31 अगस्त की रात करीब 1:45 बजे डायल-112 के जरिए युवक को चाकू मारकर घायल किए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही महिगवां पुलिस मौके पर पहुंची और सतीश को एंबुलेंस से सीएचसी इटौंजा भेजा गया। हालत गंभीर होने पर उसे केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी मौत की पुष्टि की। विधिक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पांच दिन पहले ही शुरू की थी चौकीदारी।
परिजनों के अनुसार मृतक सतीश करीब पांच दिन पहले ही गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर एक निर्माणाधीन मकान में चौकीदार की नौकरी करने लगा था। ठेकेदार अशोक ने उसे काम पर रखा था। रात में वह मकान की छत पर ही सोता था। रविवार रात करीब आठ बजे खाना खाने के बाद वह निर्माणाधीन मकान पर सोने चला गया था।
दो दिन पहले दौड़ाकर दी थी धमकीः
मृतक के छोटे भाई शिवम यादव ने गांव के ही सुनील और धीरज पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि दोनों से सतीश का लंबे समय से विवाद चल रहा था। दो दिन पहले दोनों ने सतीश को दौड़ाया था और देख लेने की धमकी दी थी। इसके बाद परिवार को आशंका है कि इसी पुराने विवाद के चलते सतीश की हत्या की गई।हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की वजह की पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
●दो संदिग्ध हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ।
घटना के बाद महिगवां पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस पुराने विवाद के साथ ही हत्या से जुड़े अन्य कारणों की भी पड़ताल कर रही है।
◆DCP नॉर्थ अमित कुमार आनंद ने बताया कि चाकू से घायल सतीश की इलाज के दौरान ट्रामा में मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
◆DCP अमित कुमार आनंद की बाइट--
