अम्बेडकरनगर :
शिवबाबा धाम में 312 जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह, प्रशासन ने पूरी की तैयारियां।।
।।ए के चतुर्वेदी।।
दो टूक :अम्बेडकरनगर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 22 अगस्त को अकबरपुर स्थित शिवबाबा धाम में 312 जोड़े वैदिक रीति-रिवाज और पूरे सम्मान के साथ विवाह बंधन में बंधेंगे। विशाल सामूहिक विवाह समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम को व्यवस्थित, सुरक्षित और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए परियोजना निदेशक, ग्राम्य विकास अभिकरण को नोडल अधिकारी नामित किया है। वहीं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी को कानून-व्यवस्था और सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पंडाल से लेकर भोजन और सफाई तक पुख्ता इंतजाम
कार्यक्रम स्थल पर विवाहिता जोड़ों के लिए पंडाल, भोजन पंडाल एवं काउंटर, साज-सज्जा, सामग्री वितरण और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, अग्निशमन वाहन तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए भी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती के साथ मोबाइल मेडिकल वैन की व्यवस्था भी रहेगी। यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।
हर जोड़े को मिलेंगे एक लाख रुपये के लाभ
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शासन द्वारा प्रति जोड़ा एक लाख रुपये की सहायता दी जाती है। इसमें 64 हजार रुपये लाभार्थी के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से, 21 हजार रुपये दैनिक उपयोग की सामग्री तथा 15 हजार रुपये बारातियों एवं परिजनों के स्वागत-सत्कार, भोजन, नाश्ता, टेंट आदि व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं।
परिजनों को न हो कोई असुविधा
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि समारोह में शामिल होने वाले सभी 312 जोड़ों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने स्वच्छता, पेयजल, भोजन, चिकित्सा, सुरक्षा और यातायात सहित सभी व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन का कहना है कि जिलाधिकारी के निर्देशन में समारोह को सकुशल, भव्य, व्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
