रविवार, 2 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में गांजा तस्करी का आरोपी गिरफ्तार, 1.5 किलो गांजा और चोरी की बाइक बरामद; पहले से दर्ज हैं पांच मुकदमे!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में गांजा तस्करी का आरोपी गिरफ्तार, 1.5 किलो गांजा और चोरी की बाइक बरामद; पहले से दर्ज हैं पांच मुकदमे!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-113 पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 500 ग्राम गांजा और सेक्टर-65 क्षेत्र से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में पहले से ही चोरी, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को थाना सेक्टर-113 पुलिस टीम लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने FNG सर्विस रोड से गांजा तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल उर्फ शेरा पुत्र हरिकिशन, निवासी ग्राम महोली, थाना कडसाई, करौली राजस्थान, वर्तमान पता बरौला, सेक्टर-49, नोएडा, उम्र करीब 23 वर्ष के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा पुलिस ने उसके पास से मोटरसाइकिल संख्या DL8SCW7511 भी बरामद की, जो जांच में सेक्टर-65 नोएडा क्षेत्र से चोरी की हुई पाई गई।

पहले से दर्ज हैं पांच मुकदमे

पुलिस के मुताबिक राहुल उर्फ शेरा का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना कासना में चोरी व चोरी का माल रखने, थाना सूरजपुर में एनडीपीएस एक्ट, थाना सेक्टर-39 में आर्म्स एक्ट व बीएनएस की धाराओं तथा थाना सेक्टर-113 में एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 081/2024 धारा 379/411 भादवि थाना कासना, मु0अ0सं0 631/2024 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट थाना सूरजपुर, मु0अ0सं0 168/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट व धारा 317(5) बीएनएस थाना सेक्टर-39, तथा थाना सेक्टर-113 में मु0अ0सं0 300/2026 और 327/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट व धारा 317(5) बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज हैं।

नशे के कारोबार पर पुलिस की लगातार कार्रवाई

थाना सेक्टर-113 पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही चोरी की मोटरसाइकिल के संबंध में भी पुलिस आगे की जांच कर रही है।

बरामदगी:

  • 1 किलो 500 ग्राम गांजा
  • चोरी की मोटरसाइकिल संख्या DL8SCW7511

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।।