गौतमबुद्धनगर: नोएडा में बढ़ते ट्रैफिक दबाव पर सांसद डॉ. महेश शर्मा सख्त, ब्लैक स्पॉट्स के स्थायी समाधान से लेकर स्कूल वाहनों की सुरक्षा तक दिए कड़े निर्देश!!
जेवर एयरपोर्ट रूट पर ट्रैफिक नियंत्रण की पहले से बने कार्ययोजना, भारी वाहनों की एंट्री पर समय-सारणी तय करने के निर्देश
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 1 अगस्त 2026। नोएडा-ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव, प्रमुख चौराहों पर जाम और सड़क दुर्घटनाओं को लेकर प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद डॉ. महेश शर्मा की अध्यक्षता में संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा, ब्लैक स्पॉट्स, यातायात प्रबंधन और विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। सुरक्षित सड़कें, अनुशासित यातायात और जागरूक नागरिक सड़क दुर्घटनाओं को कम करने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं।
एयरपोर्ट रूट पर बढ़ते ट्रैफिक को लेकर पहले से तैयार रहे प्रशासन
सांसद ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा तथा यमुना सिटी क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक दबाव और परी चौक सहित प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम पर चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को दीर्घकालिक और प्रभावी यातायात कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट की ओर जाने वाले मार्गों पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में प्रशासन को पहले से ही ट्रैफिक डायवर्जन और नियंत्रण की समुचित व्यवस्था तैयार रखनी होगी। उन्होंने कमर्शियल वाहनों के शहर में प्रवेश के लिए समय-सारणी निर्धारित करने तथा निर्माण कार्यों में लगे ऐसे भारी वाहनों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए, जो सड़कों पर धूल उड़ाकर प्रदूषण फैलाने के साथ दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं।
सांसद ने पुलिस एवं परिवहन विभाग को आपसी समन्वय के साथ विशेष अभियान चलाने तथा आधुनिक ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली अपनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों का नियमित विश्लेषण कर दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों की वैज्ञानिक पहचान की जाए और उनके स्थायी समाधान लागू किए जाएं।
ब्लैक स्पॉट्स का स्थायी समाधान जरूरी
बैठक में जनपद में चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर किए गए सुधार कार्यों की भी समीक्षा की गई। सांसद ने संबंधित प्राधिकरणों, एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी एवं अन्य एजेंसियों को निर्देश दिए कि जिन ब्लैक स्पॉट्स पर सुधार कार्य अभी शेष हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाए।
उन्होंने प्रत्येक ब्लैक स्पॉट पर वैज्ञानिक तरीके से स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टिव चेतावनी संकेतक, दिशा-सूचक बोर्ड, स्पष्ट रोड मार्किंग, प्रभावी ट्रैफिक सिग्नल, पर्याप्त स्ट्रीट लाइटिंग, सुरक्षा बैरियर और CCTV कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सांसद ने अधिकारियों से कहा कि कराए गए कार्यों का नियमित निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन भी कराया जाए, ताकि कागजों पर नहीं बल्कि जमीन पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था दिखाई दे।
जनता सीधे दे सकेगी सड़क सुरक्षा से जुड़े सुझाव
सांसद ने परिवहन विभाग को डिजिटल एवं जनसहभागिता आधारित मॉड्यूल विकसित करने के निर्देश दिए। इसके माध्यम से आम नागरिक सड़क सुरक्षा से संबंधित समस्याओं, सुझावों और दुर्घटना संभावित स्थलों की जानकारी सीधे संबंधित विभागों तक पहुंचा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा अभियान में जनता की सक्रिय भागीदारी से व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
स्कूल वाहनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
बैठक में विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की भी बिंदुवार समीक्षा की गई। सांसद डॉ. महेश शर्मा ने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने जनपद में संचालित सभी विद्यालयी वाहनों का विशेष फिटनेस जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। प्रत्येक वाहन में GPS ट्रैकिंग सिस्टम, CCTV कैमरे, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स और आपातकालीन निकास व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा प्रशिक्षित चालक एवं सहायक स्टाफ की उपलब्धता, वाहन चालकों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए। सांसद ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले विद्यालयों अथवा वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन के साथ नियमित संवाद स्थापित करने और समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।
ट्रैफिक पार्क निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
बैठक में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने सुझाव दिया कि सड़क सुरक्षा संबंधी बैठकों में एनएचएआई गाजियाबाद के अधिकारियों की उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाए, जिससे राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके।
उन्होंने परिवहन विभाग को ट्रैफिक पार्क निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों एवं आम नागरिकों को व्यवहारिक रूप से यातायात नियमों की जानकारी दी जा सके।
वहीं एमएलसी श्रीचंद शर्मा ने तिलपता क्षेत्र में निर्माणाधीन डिवाइडर के अधूरे कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने पर जोर दिया।
समयबद्ध कार्रवाई का जिलाधिकारी ने दिया भरोसा
बैठक के अंत में जिलाधिकारी मेधा रूपम ने सांसद एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों एवं सुझावों का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराया जाएगा।
बैठक में विधायक दादरी तेजपाल नागर, विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, एमएलसी नोएडा नरेंद्र भाटी, प्रशासक जिला पंचायत गौतमबुद्धनगर अमित कुमार, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद गीता पंडित, जिलाधिकारी मेधा रूपम, एसीईओ नोएडा सतीश पाल, एसीईओ ग्रेटर नोएडा सुमित यादव, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी मदन मोहन मणि त्रिपाठी सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।।
