गौतमबुद्धनगर: बिजली व्यवस्था को लेकर सांसद डॉ. महेश शर्मा सख्त, बोले- शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं!!
जिला विद्युत समिति की बैठक में योजनाओं और विद्युत तंत्र के सुदृढ़ीकरण की समीक्षा, जेवर में बड़े आधुनिक बिजलीघर की कार्ययोजना बनाने के निर्देश
दो टूक//गौतमबुद्ध नगर, 1 अगस्त 2026। जनपद में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक मजबूत, विश्वसनीय और उपभोक्ता हितैषी बनाने को लेकर जिला विद्युत समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद डॉ. महेश शर्मा ने की। इस दौरान विद्युत विभाग की विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों, विद्युत तंत्र के सुदृढ़ीकरण और उपभोक्ता सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को सभी स्वीकृत परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में सांसद डॉ. महेश शर्मा ने विद्युत तंत्र को मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत कार्यों की प्रगति और बिजनेस प्लान के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र उपभोक्ता तक समय से पहुंचे और विद्युत वितरण व्यवस्था को अधिक सक्षम एवं भरोसेमंद बनाने के लिए सभी परियोजनाओं को तकनीकी मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप पूरा किया जाए।
बिजली शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर सख्त रुख
सांसद ने स्पष्ट किया कि विद्युत आपूर्ति से जुड़ी उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही फील्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण और विद्युत तंत्र की सतत निगरानी करने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में विद्युत उत्पादन की कोई कमी नहीं है, ऐसे में जनपद में पर्याप्त और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए। वर्तमान जरूरतों के साथ भविष्य में बढ़ने वाली विद्युत मांग को ध्यान में रखते हुए सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। प्रत्येक विकास कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जेवर में बड़े आधुनिक बिजलीघर की तैयारी, वर्कशॉप और ट्रांसफॉर्मर स्टॉक पर जोर
बैठक में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने क्षेत्र की भविष्य की विद्युत जरूरतों को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। उन्होंने विद्युत विभाग को जेवर क्षेत्र में विभागीय वर्कशॉप स्थापित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्याप्त संख्या में ट्रांसफॉर्मरों का रिजर्व स्टॉक रखने की मांग की, ताकि किसी ट्रांसफॉर्मर के खराब होने पर उसे निर्धारित समय में तत्काल बदलकर विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सके।
विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि जेवर का सेक्टर-10 आने वाले समय में प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित होने जा रहा है। यहां बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयों के आने से भविष्य में विद्युत मांग में तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसे देखते हुए क्षेत्र में एक बड़े और आधुनिक बिजलीघर की स्थापना के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई जल्द शुरू की जाए।
आमजन से लेकर उद्योगों तक निर्बाध बिजली आपूर्ति पर जोर
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विद्युत व्यवस्था को आधुनिक, मजबूत और उपभोक्ता-केंद्रित बनाने के लिए विभागीय स्तर पर बेहतर समन्वय के साथ काम किया जाए। शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं और परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन, किसान, व्यापारी और औद्योगिक इकाइयों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सके।
सांसद ने जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त विद्युत संबंधी प्रस्तावों को भी प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, नरेंद्र भाटी, जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष गीता पंडित, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता संजय कुमार जैन, अधीक्षण अभियंता तकनीकी विवेक कुमार, अधीक्षण अभियंता वाणिज्य उमेश सिंह यादव एवं विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।।
