शनिवार, 1 अगस्त 2026

जंतर-मंतर विवाद: प्रधानमंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली 15 वर्षीय नाबालिग ने मांगी माफी, बोली— 'पूरे देश से दिल से माफी चाहती हूं'

शेयर करें:


जंतर-मंतर विवाद: प्रधानमंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली 15 वर्षीय नाबालिग ने मांगी माफी, बोली— 'पूरे देश से दिल से माफी चाहती हूं'

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नई दिल्ली/नोएडा। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला अब नया मोड़ लेता दिखाई दे रहा है। इस प्रकरण में कथित तौर पर शामिल 15 वर्षीय नाबालिग लड़की का माफी मांगते हुए एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह हाथ जोड़कर अपने बयान पर खेद व्यक्त करती नजर आ रही है।

करीब 50 सेकंड के इस वीडियो में नाबालिग ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि उसकी उम्र केवल 15 वर्ष है। उसने हाथ जोड़कर कहा, "मेरी उम्र 15 साल है। यह मेरी पहली और आखिरी गलती होगी। मैं अपने किए पर बहुत शर्मिंदा हूं। इतनी शर्मिंदा हूं कि किसी की तरफ नजर उठाकर भी नहीं देख पा रही हूं। मैं प्रधानमंत्री जी, पूरे देश और सभी लोगों से दिल से माफी मांगती हूं। कृपया मुझे माफ कर दीजिए।" उसने भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने का भी भरोसा दिलाया।

गौरतलब है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद इस मामले ने राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर व्यापक चर्चा को जन्म दिया। कई लोगों ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।

इसी क्रम में नोएडा पुलिस ने एक दिन पहले एक्सप्रेसवे थाने में इस मामले में एफआईआर दर्ज की थी। मामला वायरल वीडियो के आधार पर दर्ज किया गया और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

माफी का वीडियो सामने आने के बाद इस मामले ने नया मोड़ ले लिया है। वीडियो में नाबालिग सार्वजनिक रूप से अपनी गलती स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूरे देश और सभी नागरिकों से क्षमा मांगती नजर आ रही है। हालांकि, पुलिस की जांच जारी है और पूरे मामले के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।

इस घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर भी लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। एक ओर जहां कुछ लोग नाबालिग द्वारा सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को सकारात्मक कदम बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कई लोग कानून के अनुसार कार्रवाई की बात कह रहे हैं। फिलहाल पूरे मामले पर सभी की निगाहें पुलिस जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।।