शनिवार, 1 अगस्त 2026

लखनऊ :ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई,1359 वाहनों के चालान,41 सीज।।Lucknow:Strict action taken against traffic violators; 1,359 vehicles challaned, 41 seized.||

शेयर करें:
लखनऊ :
ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई,1359 वाहनों के चालान,41 सीज।।
दो टूक :  राजधानी लखनऊ में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लखनऊ पुलिस ने छह दिनों तक विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। 26 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन रात 9:30 बजे से 12:00 बजे तक चले अभियान में चार पहिया वाहनों की व्यापक जांच की गई, जिसमें 1359 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 41 वाहनों को सीज कर दिया गया।
विस्तार : 
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की ओर से चलाए गए इस अभियान में शराब पीकर वाहन चलाने, ब्लैक फिल्म और हूटर का अवैध इस्तेमाल करने, बिना नंबर प्लेट, अमान्य दस्तावेज, तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। कई वाहनों को वैध दस्तावेज न होने और अवैध मॉडिफिकेशन के कारण भी सीज किया गया।
यह अभियान पुलिस आयुक्त के निर्देशन एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) के पर्यवेक्षण में शहर के सभी पांच जोनों—पश्चिमी, मध्य, उत्तरी, पूर्वी और दक्षिणी—में चलाया गया। पुलिस उपायुक्तों, सहायक पुलिस आयुक्तों तथा थाना प्रभारियों के नेतृत्व में कैसरबाग, हुसैनगंज, नखास, अटल चौक, तेलीबाग चौराहा, 1090 चौराहा, आईटी चौराहा, निशातगंज क्रॉसिंग, अवध चौराहा समेत प्रमुख बाजारों और व्यस्त चौराहों पर बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की गई।
चेकिंग के दौरान कार्रवाई के साथ-साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया गया। लखनऊ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, ब्लैक फिल्म और हूटर का उपयोग न करें, वाहन में अवैध मॉडिफिकेशन से बचें, गति सीमा और अन्य यातायात नियमों का पालन करें तथा उच्च सुरक्षा पंजीकरण प्लेट (HSRP) का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।
पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ऐसे विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेंगे।