मंगलवार, 11 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में ई-रिक्शा बैट्री चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार; 13 स्मार्ट लीथियम बैट्री समेत 414 सेल और नकदी बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में ई-रिक्शा बैट्री चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार; 13 स्मार्ट लीथियम बैट्री समेत 414 सेल और नकदी बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना फेस-1 पुलिस ने ई-रिक्शा की बैट्री चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 स्मार्ट लीथियम बैट्री, 414 लीथियम बैट्री सेल और 11,800 रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के आसपास के इलाकों में रेकी कर सुनसान स्थानों पर खड़े ई-रिक्शा को निशाना बनाते थे।

पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को थाना फेस-1 पुलिस टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को सेक्टर-14 और सेक्टर-15 के बीच बने पुल के पास से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कासिम उर्फ लक्की, रहीशउल्ला, शाहनवाज और रिजवान के रूप में हुई है।

रेकी के बाद सुनसान जगहों पर खड़े ई-रिक्शा बनाते थे निशाना

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि गिरोह पहले दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के आसपास के इलाकों में ई-रिक्शा की रेकी करता था। इसके बाद सुनसान स्थान पर खड़े ई-रिक्शा से बैट्री चोरी कर उन्हें एक जगह छिपाकर रख दिया जाता था।

आरोपियों के मुताबिक, जब पैसों की जरूरत होती थी तो चोरी की बैट्रियों को अपनी मजबूरी बताकर कबाड़ियों को एक-एक करके बेच दिया जाता था। इससे मिलने वाली रकम को गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।

दिल्ली में भी बैट्री चोरी के मामले में जा चुके हैं जेल

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी इससे पहले दिल्ली के थाना जैतपुर साउथ क्षेत्र में बड़ी संख्या में बैट्री चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में भी आरोपी जेल जा चुके हैं।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

  1. कासिम उर्फ लक्की (21 वर्ष) पुत्र मेहंदी हसन, निवासी इकरामनगर, थाना लोनी, गाजियाबाद।
  2. रहीशउल्ला (29 वर्ष) पुत्र शपीक अहमद, निवासी इकरामनगर, थाना लोनी, गाजियाबाद।
  3. शाहनवाज (28 वर्ष) पुत्र मौ. इकबाल, निवासी भागीरथी विहार, थाना दयालपुर, दिल्ली।
  4. रिजवान (23 वर्ष) पुत्र मौ. हनीफ, निवासी ओल्ड मुस्तफाबाद, थाना दयालपुर, दिल्ली।

भारी मात्रा में बैट्री और नकदी बरामद

थाना फेस-1 पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 13 स्मार्ट लीथियम बैट्री, 414 लीथियम बैट्री सेल और 11,800 रुपये नगद बरामद किए हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

दो मुकदमे दर्ज

पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ थाना फेस-1, गौतमबुद्धनगर में मु0अ0सं0 424/2026, धारा 305(A)/331(4)/317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। इसके अलावा थाना जैतपुर साउथ, दिल्ली में मु0अ0सं0 80029285/2026, धारा 3(5)/305/317(2)/331(4) बीएनएस के तहत भी अभियोग दर्ज है।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की बैट्रियां खरीदने वाले कबाड़ियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया और चोरी की बैट्रियों को किन-किन लोगों को बेचा गया।।