मंगलवार, 11 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: शिवरात्रि पर सलारपुर शिव मंदिर में गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे, टिकैत रसोई के विशाल भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: शिवरात्रि पर सलारपुर शिव मंदिर में गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे, टिकैत रसोई के विशाल भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर सलारपुर स्थित शिव मंदिर, गुर्जर सम्राट मिहिर भोज चौक मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-81 में आस्था, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी के नेतृत्व में संचालित ‘टिकैत रसोई’ की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’, ‘बम-बम भोले’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष से गूंजता रहा।

भंडारे का शुभारंभ पूर्व मंत्री एवं अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने किया। उन्होंने भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग पर विधिवत जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान शिव को देवों के देव महादेव कहा जाता है और उनकी आराधना मनुष्य के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, शांति और आत्मिक शक्ति का संचार करती है।

कांवड़ियों का किया भव्य स्वागत

महाशिवरात्रि के अवसर पर हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं का अशोक भाटी ने सनातन परंपरा के अनुसार तिलक लगाकर, पूजन एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। कांवड़ियों ने मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिला।

मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने भगवान शिव को जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की प्रार्थना की।

‘सेवा ही शिव है’ की भावना को आगे बढ़ा रहे अशोक भाटी

भाकियू गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी क्षेत्र में सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में सक्रिय भागीदारी के लिए जाने जाते हैं। उनके नेतृत्व में ‘टिकैत रसोई’ के माध्यम से समय-समय पर जरूरतमंदों, श्रद्धालुओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लिए सेवा कार्य किए जाते रहे हैं। शिवरात्रि पर आयोजित यह विशाल भंडारा भी इसी सेवा भावना की एक महत्वपूर्ण कड़ी रहा।

अशोक भाटी ने कहा कि सलारपुर शिव मंदिर में प्रत्येक वर्ष महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धा और सेवा भाव से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है। इस आयोजन में ग्रामवासी और क्षेत्र के लोग किसी औपचारिकता के रूप में नहीं, बल्कि सेवा को अपना सौभाग्य मानकर सेवादार के रूप में जुटते हैं। उन्होंने कहा कि ‘सेवा ही शिव है’ की भावना के साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करना और कांवड़ियों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने का काम करते हैं। भगवान शिव सभी का कल्याण करें और क्षेत्र में सुख-शांति एवं समृद्धि बनी रहे, यही उनकी कामना है।

हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

सुबह से शुरू हुआ विशाल भंडारा देर तक चलता रहा। इसमें क्षेत्र के गांवों के अलावा आसपास के इलाकों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सेवादारों ने श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को पूरे श्रद्धा भाव से भोजन एवं प्रसाद वितरित किया। पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में ग्रामवासियों और सेवादारों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

भंडारा स्थल पर धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और भाईचारे की भी मिसाल देखने को मिली। जाति, वर्ग और आयु की सीमाओं से परे लोग एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करते नजर आए। इससे पूरा वातावरण भक्तिमय होने के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव से भी सराबोर रहा।

इन लोगों ने संभाली सेवा की जिम्मेदारी

आयोजन में झलकेस बाबूजी, सुभाष भाटी, मदन भाटी, हरिकिशन भगत जी, रवि प्रधान, कृष्ण भाटी, मनोज त्यागी, शोभाराम भाटी, गजेंद्र रेक्सवाल, जोगिंदर भड़ाना, विजेंद्र भड़ाना, सुनील भाटी एवं अंकुर राय सहित अनेक गणमान्य लोगों एवं ग्रामवासियों ने सेवादार के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सभी ने मिलकर कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सेवा की तथा भंडारे को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित यह भंडारा क्षेत्र में आस्था, सेवा, सद्भाव और सामाजिक एकता की मिसाल बनकर सामने आया।।