रविवार, 2 अगस्त 2026

लखनऊ : एयरटेल फाइबर की खुदाई में 11 केवी बिजली की भूमिगत केबल क्षतिग्रस्त, 1,878 उपभोक्ताओं की बिजली खुल, लाखों नुकसान।।||Lucknow: Drilling for Airtel Fiber damaged an underground 11kV power cable, leaving 1,878 consumers without power, resulting in losses of millions.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
एयरटेल फाइबर की खुदाई में 11 केवी बिजली की भूमिगत केबल क्षतिग्रस्त, 1,878 उपभोक्ताओं की बिजली खुल, लाखों नुकसान।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के बन्थरा थाना क्षेत्र में एयरटेल फाइबर बिछाने के दौरान की गई खुदाई से 11 केवी की भूमिगत विद्युत केबल क्षतिग्रस्त होने का मामला सामने आया है। इस घटना के चलते करीब 1,878 उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति लगभग पांच घंटे तक बाधित रही। विभाग ने इस घटना में ₹5,35,925 के नुकसान का आकलन करते हुए संबंधित कंपनी और उसके जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
विस्तार : 
 अमौसी पावर हाउस के अवर अभियंता अमित उपाध्याय ने थाना बन्थरा मे तहरीर देते हुए बताया कि 13 जुलाई 2026 को सुबह लगभग 11:38 बजे एयरटेल फाइबर का कार्य कर रही त्रियाक्शा इंटरप्राइजेज द्वारा एचडीडी मशीन (UP50 F4304) से खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान 11 केवी नीवा पोषक की भूमिगत केबल (11 KV XLPE 3×185 mm²) क्षतिग्रस्त हो गई।
केबल कटने से नीवा, जहानाबाद, बन्थरा गांव, आईपीबीपी, कनखरा समेत आसपास के क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। इस कारण लगभग 1,878 उपभोक्ताओं को करीब पांच घंटे तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा।
विद्युत विभाग का कहना है कि क्षतिग्रस्त केबल अभी तक पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो सकी है। ऐसे में फिलहाल वैकल्पिक स्रोत से बिजली आपूर्ति की जा रही है। हालांकि दूसरे फीडर पर अतिरिक्त भार बढ़ने से क्षेत्र के उपभोक्ताओं को लगातार और सुचारु बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है।
विभाग के अवर अभियंता अमित उपाध्याय की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया है कि केबल क्षतिग्रस्त होने से विभाग को ₹5,35,925 का आर्थिक नुकसान हुआ है। साथ ही लंबे समय तक बिजली बाधित रहने के कारण लोगों में नाराजगी रही, जिससे विभाग की छवि भी प्रभावित हुई।
मामले की जांच के बाद आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर एयरटेल फाइबर का कार्य कर रही त्रियाक्शा इंटरप्राइजेज के नवीन सिंह और उनके सुपरवाइजर वीरेंद्र कुमार के विरुद्ध बन्थरा थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।