गौतमबुद्धनगर: 103 एटीएम कार्ड और स्वैप मशीन के साथ ATM ठग गिरोह के तीन शातिर गिरफ्तार, तमंचा-चाकू भी बरामद!!
जेवर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एटीएम बदलकर खातों से रकम उड़ाने का आरोप; आरोपियों के खिलाफ कई मुकदमे पहले से दर्ज
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। जेवर पुलिस ने एटीएम बदलकर लोगों के बैंक खातों से पैसे निकालने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग बैंकों के 103 एटीएम कार्ड, एक अवैध तमंचा मय जिंदा कारतूस, एक अवैध चाकू और एटीएम स्वैप मशीन बरामद की है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रकम निकालने की वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को जेवर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों आफताब पुत्र साबिर, सलमान पुत्र आजाद और अमीरूद्दीन पुत्र इमामुद्दीन, सभी निवासी ग्राम चिट्टा, थाना सलेमपुर, बुलंदशहर, को यमुना एक्सप्रेसवे आरआर साइट अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया।
एटीएम बदलकर खाते से निकालते थे रकम
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे एटीएम बूथों के आसपास लोगों को निशाना बनाते थे। किसी तरह मदद करने या दूसरे बहाने से लोगों का एटीएम कार्ड हासिल कर उसे धोखाधड़ी से अपने पास रख लेते थे और उसकी जगह दूसरा कार्ड दे देते थे।
इसके बाद मिले हुए एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर संबंधित व्यक्ति के बैंक खाते से रकम निकालने का प्रयास किया जाता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी एटीएम स्वैप मशीन का भी इस्तेमाल करते थे। चोरी या बदले गए एटीएम कार्ड को मशीन पर स्वैप कर उसके जरिए रकम निकालने की बात आरोपियों ने पूछताछ में बताई है।
103 एटीएम कार्ड मिलने से खुली गिरोह की गतिविधियों की परत
तीनों आरोपियों के पास से 103 एटीएम कार्ड बरामद होना पुलिस कार्रवाई में अहम माना जा रहा है। इसके अलावा एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, चाकू और एटीएम स्वैप मशीन भी बरामद की गई है। बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड मिलने के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन कार्डों के जरिए किन-किन लोगों के खातों को निशाना बनाया गया और कितनी रकम निकाली गई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना जेवर में मु0अ0सं0 285/2026, धारा 318(4)/317(5) बीएनएस तथा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
तीनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार तीनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और इनके खिलाफ अलग-अलग जनपदों के थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
सलमान के खिलाफ आगरा, अलीगढ़, बुलंदशहर, मेरठ, मुरादाबाद, हापुड़ और गौतमबुद्धनगर समेत विभिन्न जनपदों में धोखाधड़ी, चोरी, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
अमीरूद्दीन के खिलाफ अलीगढ़, बुलंदशहर और मुरादाबाद में चोरी, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आफताब के खिलाफ बुलंदशहर, हापुड़ और गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में चोरी, धोखाधड़ी और चोरी का माल रखने समेत कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने बरामद किए ये सामान
- 103 एटीएम कार्ड
- 01 अवैध तमंचा
- 01 जिंदा कारतूस
- 01 अवैध चाकू
- 01 एटीएम स्वैप मशीन
जेवर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस आरोपियों से जुड़े अन्य लोगों और उनके द्वारा की गई संभावित वारदातों की जानकारी जुटा रही है। बड़ी संख्या में बरामद एटीएम कार्ड को लेकर पुलिस संबंधित बैंक खातों और कार्डधारकों की जानकारी जुटाकर आगे की जांच कर रही है।।
