उन्नाव :
बहू-बेटी सम्मेलन में पारिवारिक सौहार्द का संदेश, पुलिस ने चौपाल लगाकर बढ़ाया महिला सम्मान का संकल्प।।
।।डी एस शास्त्री।।
दो टूक : उन्नाव जनपद के थाना गंगाघाट के जाजमऊ चौकी क्षेत्र के ग्राम रजवा खेड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय में रविवार को बहू-बेटी सम्मेलन एवं चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सुरक्षा, सम्मान और परिवारों में प्रेम, विश्वास एवं आपसी सामंजस्य को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी नगर श्रीमती विनी सिंह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक गंगाघाट अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
विस्तार :
महिला सम्मान और पारिवारिक मूल्यों पर दिया गया विशेष जोर
सम्मेलन में प्रभारी परिवार परामर्श समिति डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि परिवार की बहू को हमेशा बेटी के समान सम्मान और स्नेह मिलना चाहिए तथा दोनों के बीच किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मजबूत परिवार ही समाज की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं।
सीओ सिटी ने हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
क्षेत्राधिकारी नगर श्रीमती विनी सिंह ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि बहुओं को भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सास को मां के समान सम्मान देना चाहिए और परिवार के सभी सदस्यों के साथ मधुर संबंध बनाए रखने चाहिए। उन्होंने महिलाओं को 1090, 112 एवं 108 जैसी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर उनका तत्काल उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
ग्रामीणों ने लिया परिवार में समरसता बनाए रखने का संकल्प।
वरिष्ठ सलाहकार डॉ. मनीष सिंह सेंगर ने अपने प्रेरक संस्मरणों के माध्यम से महिलाओं को परिवार में प्रेम, स्नेह और सहयोग का वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित माताओं, बहुओं, बेटियों, ननदों और भाभियों ने कहा कि पहली बार पुलिस विभाग द्वारा उनके क्षेत्र में ऐसा सकारात्मक और परिवार जोड़ने वाला कार्यक्रम आयोजित किया गया है। सभी ने अपने परिवारों में सद्भाव और समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया।
माला पहनाकर और मुंह मीठा कर कराया भावनात्मक सम्मान।
कार्यक्रम के अंत में सास-बहू, ननद-भाभी और मां-बेटी को एक-दूसरे को माला पहनाकर, मुंह मीठा कराकर तथा गले मिलवाकर पारिवारिक प्रेम और सम्मान का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान गोविंद निषाद, चौकी प्रभारी विनोद सिंह, उपनिरीक्षक सुभाष, मुख्य आरक्षी प्रशांत मिश्रा, आरक्षी कमलेश, आरक्षी रोहित, महिला मुख्य आरक्षी उपासना पाठक, महिला आरक्षी शीलू पाल एवं शिखा सहित पुलिस टीम तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने किया, जबकि अंत में चौकी प्रभारी विनोद कुमार ने सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए स्वल्पाहार की व्यवस्था कराई।
