उन्नाव :
एटीएम बदलकर ठगी करने वाला एक शातिर चढ़ा पुलिस के हत्थे, 7 एटीएम कार्ड और नकदी बरामद।।
दो टूक : उन्नाव जनपद के कोतवाली गंगाघाट पुलिस टीम ने एटीएम बदलकर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर युवक को गिरफ्तार कर आरोपी के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 7 एटीएम/डेबिट कार्ड तथा 4,600 नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार युवक के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
विस्तार :
कोतवाली गंगाघाट इंस्पेक्टर के अनुसार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एटीएम बदलकर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 7 एटीएम/डेबिट कार्ड तथा ₹4,600 नकद बरामद किए हैं। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के शक्तिनगर निवासी विजय ने 17 जुलाई 2026 को थाना गंगाघाट में शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 जून 2026 को एचडीएफसी बैंक के एटीएम (सब्जी मंडी, सरकारी अस्पताल के सामने) से रुपये निकालते समय एक अज्ञात व्यक्ति ने बातों में उलझाकर उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद अलग-अलग समय पर उनके खाते से ऑनलाइन शॉपिंग और नकद निकासी के जरिए कुल ₹62,000 की धोखाधड़ी कर ली गई।
मामले की जांच के दौरान रविवार को उपनिरीक्षक लक्ष्मीनारायण द्विवेदी व उनकी टीम ने आजाद नगर बाजार टिनशेड के पास से विजय सिंह (35 वर्ष), निवासी ग्राम जरसेन, थाना मूसा नगर, जनपद कानपुर देहात को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से 5 एसबीआई, 1 बैंक ऑफ बड़ौदा और 1 पंजाब एंड सिंध बैंक का एटीएम कार्ड सहित कुल 7 एटीएम/डेबिट कार्ड तथा ₹4,600 नकद बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी धोखाधड़ी, चोरी और गैंगस्टर एक्ट सहित कई मामलों में आरोपी रह चुका है। उसके खिलाफ उन्नाव, औरैया और फतेहपुर जनपदों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक लक्ष्मीनारायण द्विवेदी, हेड कांस्टेबल देव नारायण सिंह, कांस्टेबल लोकेन्द्र यादव और कांस्टेबल प्रशांत कुमार शामिल रहे।
दो टूक संदेश: एटीएम से पैसे निकालते समय किसी भी अनजान व्यक्ति की सहायता न लें। यदि कोई बातचीत में उलझाने या एटीएम कार्ड छूने की कोशिश करे तो तुरंत सतर्क हो जाएं और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को सूचना दें।
