शुक्रवार, 3 जुलाई 2026

सुल्तानपुर :अंतरजनपदीय चोर गिरोह का खुलासा, चार गिरफ्तार,करोड़ों की चोरी का माल बरामद।||Sultanpur:Inter-district gang busted, four arrested, and stolen goods worth crores recovered.||

शेयर करें:
सुल्तानपुर :
अंतरजनपदीय चोर गिरोह का खुलासा, चार गिरफ्तार,करोड़ों की चोरी का माल बरामद।
दो टूक :  सुलतानपुर जनपद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अंतरजनपदीय चोर गिरोह के चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11.50 लाख रुपये नकद, करीब 17.50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, तीन अवैध तमंचे, 22 जिंदा कारतूस तथा करीब 31 लाख रुपये कीमत की जीप कंपास बरामद की है। गिरोह का सरगना सीतापुर का 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश है।
पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि मुखबिर की सूचना पर जयसिंहपुर थाना क्षेत्र में पीढ़ी टोल प्लाजा के पास तड़के करीब तीन बजे पुलिस ने घेराबंदी की। इस दौरान हुई मुठभेड़ में चारों बदमाश घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिए गए।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने सुलतानपुर के जयसिंहपुर, चांदा, कूरेभार, कोतवाली देहात, गोसाईगंज और मोतिगरपुर सहित प्रदेश के कई जनपदों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। गिरोह सीतापुर से जीप कंपास में निकलकर हाईवे किनारे अच्छे मकानों की रेकी करता था और रात में परिवार के सोने के दौरान चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। विरोध होने पर अवैध तमंचों के बल पर लोगों को धमकाकर फरार हो जाते थे।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी के आभूषण बेचकर गिरोह के सदस्य आपस में रकम बांट लेते थे। चोरी के पैसों से मकान बनवाने के साथ ही महंगी गाड़ियां भी खरीदी गई थीं। पुलिस के अनुसार गिरोह ने सुलतानपुर के अलावा सीतापुर, रायबरेली, अंबेडकरनगर, बाराबंकी, बहराइच, खीरी, संतकबीरनगर, बस्ती, अयोध्या, हरदोई, कानपुर नगर, शाहजहांपुर, कन्नौज, गोंडा और प्रयागराज समेत कई जिलों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में अनिकेत चौहान (50 हजार का इनामी), आकाश, मिथिलेश चौहान और अजय शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया है।