अंबेडकरनगर// नोएडा STF का ऑपरेशन सफल: यूपी, हरियाणा और राजस्थान में वांछित एक लाख का इनामी आसिफ उर्फ विक्की ढेर!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश में संगठित अपराध और कुख्यात अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नोएडा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार तड़के अंबेडकरनगर जिले के बेवाना थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात बदमाश आसिफ अली उर्फ विक्की उर्फ विक्की छैमार पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मारा गया। आरोपी पिछले करीब आठ वर्षों से फरार चल रहा था और उत्तर प्रदेश, हरियाणा तथा राजस्थान में हत्या, डकैती, लूट समेत दो दर्जन से अधिक संगीन मामलों में वांछित था।
पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह करीब चार बजे नोएडा STF यूनिट को सूचना मिली कि कुख्यात बदमाश बेवाना थाना क्षेत्र के जगदीशपुर मुस्लिमपुर के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही STF की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ इलाके की घेराबंदी कर उसे पकड़ने की योजना बनाई। जैसे ही पुलिस टीम ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया, उसने खुद को घिरा देख ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। STF ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
मुठभेड़ के बाद पुलिस टीम घायल बदमाश को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मृतक आसिफ अली उर्फ विक्की छैमार कानपुर नगर के बिल्हौर थाना क्षेत्र के मकरनपुर गांव का निवासी था। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के विभिन्न जिलों में हत्या, लूट, डकैती, अवैध हथियार और अन्य गंभीर अपराधों के 25 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। उसकी गिरफ्तारी पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। लगातार ठिकाने बदलने और पहचान छिपाकर रहने के कारण वह वर्षों तक पुलिस की पकड़ से दूर रहा।
आरोपी कई चर्चित और सनसनीखेज आपराधिक घटनाओं में भी वांछित था। वर्ष 2013 में सुल्तानपुर के कोतवाली देहात क्षेत्र में हुई हत्या और डकैती के चर्चित मामले में उसका नाम सामने आया था। इसके अलावा जौनपुर के शाहगंज में डकैती के दौरान दो महिलाओं की हत्या, कौशांबी में दंपती की हत्या तथा मुजफ्फरनगर में एक ही रात कई घरों में डकैती जैसी वारदातों में भी पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। लंबे समय से वह कानून प्रवर्तन एजेंसियों के लिए चुनौती बना हुआ था।
मुठभेड़ स्थल से STF ने आरोपी के कब्जे से एक .32 बोर की पिस्टल, 12 बोर की पौनिया (देशी बंदूक), भारी मात्रा में जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद हथियारों और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कुख्यात अपराधी के मारे जाने से कई पुराने मामलों की जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। साथ ही उसके गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों और सहयोगियों की तलाश भी तेज कर दी गई है। नोएडा STF की इस कार्रवाई को प्रदेश में संगठित अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है !!
