मंगलवार, 7 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-88 की सुरभि इंटरनेशनल कंपनी में भीषण अग्निकांड: शॉर्ट सर्किट की आशंका, 8 दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-88 की सुरभि इंटरनेशनल कंपनी में भीषण अग्निकांड: शॉर्ट सर्किट की आशंका, 8 दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। फेस-2 थाना क्षेत्र के सेक्टर-88 स्थित सुरभि इंटरनेशनल कंपनी में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते कंपनी के ग्राउंड फ्लोर और प्रथम तल को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का विशाल गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही गौतमबुद्धनगर फायर सर्विस और स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की 8 फायर टेंडर मौके पर लगाए गए। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत और कई घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया और उसे आसपास की इमारतों तक फैलने से रोक लिया।

आग लगने के समय कंपनी बंद थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग की चपेट में आने से कंपनी में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) गौतमबुद्धनगर प्रदीप कुमार ने बताया कि 6 जुलाई 2026 की रात सेक्टर-88 स्थित बी-40 में कंपनी में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही फायर सर्विस और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आग ग्राउंड फ्लोर और प्रथम तल तक फैली हुई थी।

सीएफओ के अनुसार, प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण इलेक्ट्रिकल पैनल में शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल फायर विभाग और पुलिस की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में फायर सेफ्टी मानकों और विद्युत सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। समय रहते दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा औद्योगिक हादसा टल गया।।