मंगलवार, 7 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: गेट पर रोकना पड़ा भारी: नोएडा की सोसाइटी में सुरक्षा गार्ड पर लाठी-डंडों से हमला, CCTV वायरल, दो आरोपी गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: गेट पर रोकना पड़ा भारी: नोएडा की सोसाइटी में सुरक्षा गार्ड पर लाठी-डंडों से हमला, CCTV वायरल, दो आरोपी गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा के सेक्टर-116 स्थित एक आवासीय सोसाइटी में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। गेट पर आने वाले कुछ युवकों से प्रवेश को लेकर पूछताछ करना गार्ड को महंगा पड़ गया। मामूली कहासुनी के बाद आधा दर्जन युवकों ने गार्ड पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पूरी वारदात सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुरक्षा गार्ड अपनी नियमित ड्यूटी के तहत सोसाइटी में आने वाले युवकों से पूछताछ कर रहा था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने गार्ड पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया।

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया। थाना सेक्टर-113 पुलिस ने पीड़ित सुरक्षा गार्ड की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद दो आरोपियों आकाश और मंजूनाथ, निवासी सेक्टर-116, को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 5/6 जुलाई 2026 की रात थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के सेक्टर-116 स्थित एक सोसाइटी में हुई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सोसाइटी में प्रवेश को लेकर सुरक्षा गार्ड और कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद मारपीट की घटना हुई। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी तलाश भी जारी है।

इस घटना ने एक बार फिर सोसाइटियों में तैनात सुरक्षा कर्मियों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरक्षा गार्ड अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए आने-जाने वालों की जांच करते हैं, लेकिन यदि इसी बात पर उन पर हमला होने लगे तो इससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।।