मंगलवार, 7 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग और बाइक चोरी करने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़, 6 बदमाश गिरफ्तार, 2 बाल अपचारी पकड़े गए!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग और बाइक चोरी करने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़, 6 बदमाश गिरफ्तार, 2 बाल अपचारी पकड़े गए!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस को अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। थाना सेक्टर-20 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से दोपहिया वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह से जुड़े दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें, तीन चोरी के मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा और तीन अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय थे। ये पहले विभिन्न इलाकों की रेकी करते थे और उसके बाद दोपहिया वाहन चोरी करते थे। चोरी की गई मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल मोबाइल स्नैचिंग और अन्य वारदातों को अंजाम देने में किया जाता था। गिरोह बेहद शातिर तरीके से वारदातों को अंजाम देता था, जिससे पुलिस के लिए इन्हें पकड़ना चुनौती बना हुआ था।

थाना सेक्टर-20 पुलिस ने सोमवार को सेक्टर-27 स्थित कैलाश कट के पास कार्रवाई करते हुए दानिश, अप्पू उर्फ संदीप, विकास, साहिल उर्फ शुभम, शरद सिंह देव और सूरज कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया। इनके साथ शामिल दो नाबालिगों को भी अभिरक्षा में लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें से दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से संबंधित हैं। इसके अलावा तीन चोरी के मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं, जो सेक्टर-20 थाना क्षेत्र में दर्ज मुकदमे से जुड़े बताए गए हैं।

बरामदगी के दौरान आरोपी विकास के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा और दानिश, साहिल उर्फ शुभम तथा शरद सिंह देव के कब्जे से एक-एक अवैध चाकू भी बरामद किए गए। इस संबंध में थाना सेक्टर-20 में संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के कई सदस्य पहले भी चोरी, मोबाइल स्नैचिंग और अवैध हथियार रखने जैसे मामलों में जेल जा चुके हैं। विशेष रूप से अप्पू उर्फ संदीप, विकास और साहिल के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इससे स्पष्ट होता है कि आरोपी पेशेवर अपराधी हैं और लगातार अपराध की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने अब तक कितनी चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दिया है तथा चोरी का सामान किन लोगों को बेचा जाता था।

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और संगठित अपराध में शामिल गिरोहों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से नोएडा में मोबाइल स्नैचिंग और वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।।