गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कामयाबी: अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 12 चोरी की बाइक-स्कूटी बरामद, दो शातिर गिरफ्तार!!
दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट की थाना सेक्टर-63 पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 12 मोटरसाइकिल और स्कूटी, एक फर्जी नंबर प्लेट तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है। बरामद किए गए वाहनों में से आठ के संबंध में एनसीआर के विभिन्न थानों में वाहन चोरी के मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को थाना सेक्टर-63 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर एफएनजी सर्विस रोड स्थित ग्रीन बेल्ट के पास घेराबंदी कर गिरोह के दो सदस्यों गौरव और मन्नू को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों ने वाहन चोरी की कई वारदातों का खुलासा किया।
सीसीटीवी से बचकर करते थे वारदात
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह पहले उन स्थानों की रेकी करता था जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होते थे। मौका मिलते ही वहां खड़ी मोटरसाइकिल या स्कूटी चोरी कर लेते थे और कुछ दिनों तक उन्हें अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखते थे। पुलिस की सक्रियता से बचने के बाद आरोपी चोरी के वाहन बेहद कम कीमत पर राह चलते लोगों को बेच देते थे। कई बार वे वाहनों के पार्ट्स निकालकर अलग-अलग बेचकर भी मोटा मुनाफा कमाते थे।
एक मजदूर तो दूसरा पंचर बनाने का करता था काम
मुख्य आरोपी गौरव मूल रूप से अमरोहा का रहने वाला है और वर्तमान में दिल्ली के गाजीपुर इलाके में रहकर मजदूरी करता था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से एनसीआर क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था और पहले भी दिल्ली में वाहन चोरी के मामले में जेल जा चुका है। वहीं उसका साथी मन्नू हापुड़ का निवासी है और नोएडा की छिजारसी कॉलोनी में रहकर पंचर बनाने का काम करता था। दोनों मिलकर सुनियोजित तरीके से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
12 चोरी के वाहन, फर्जी नंबर प्लेट और अवैध चाकू बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 12 चोरी की मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की हैं। इसके अलावा एक फर्जी नंबर प्लेट और एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक बरामद वाहनों में से आठ वाहन एनसीआर के अलग-अलग थानों से चोरी किए गए थे, जबकि अन्य वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी गौरव के खिलाफ नोएडा, दिल्ली और हरियाणा के विभिन्न थानों में वाहन चोरी समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं। वहीं मन्नू का नाम भी वाहन चोरी के कई मामलों में सामने आया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त करने वाले लोगों की भी तलाश कर रही है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर वाहन चोरी के अन्य मामलों का भी खुलासा होने की संभावना है। साथ ही चोरी के वाहनों को खरीदने वाले लोगों के खिलाफ भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।।
