लखनऊ :
STF ने अंतर्राष्ट्रीय चरस तस्करी करने वाले दो तस्करों को दबोचा, 20 लाख की चरस बरामद।।
दो टूक : उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अवैध मादक पदार्थ (चरस) की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने कानपुर नगर के बर्रा थाना क्षेत्र से गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4.057 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
विस्तार :
यूपीएसटीएफ के अनुसार लंबे समय से भारत-नेपाल सीमा के रास्ते उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में अवैध चरस की खेप भेजे जाने की सूचनाएं मिल रही थीं। अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ लखनऊ दिनेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभिसूचना अभियान के दौरान 20 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि चरस की खेप नेपाल से बिहार के बेतिया होते हुए कानपुर लाई जा रही है।
सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने नौबस्ता के सहायक पुलिस उपायुक्त डॉ. अभिषेक राहुल की मौजूदगी में बर्रा थाना क्षेत्र स्थित परम्परा होटल के सामने बने अंडरपास पर घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद शारिक पुत्र शब्बीर आलम तथा रियाज खान पुत्र सिराजुद्दीन, दोनों निवासी हाता गम्मूखां, कर्नलगंज, कानपुर नगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने उनके कब्जे से 4.057 किलोग्राम अवैध चरस, दो मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड तथा 3,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका गिरोह नेपाल और बिहार से चरस की खेप लाकर कानपुर सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सप्लाई करता है। बरामद चरस बिहार के बेतिया से लाकर कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में खपाई जानी थी। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे काफी समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त हैं।
एसटीएफ की तहरीर पर थाना बर्रा, कानपुर नगर में मु.अ.सं. 237/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
— दो टूक मीडिया
