लखनऊ :
प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की बर्बरतापूर्ण कार्यवाही करते हुए लाठीचार्ज किया जाना लोकतंत्र के लिए घातक है: कांग्रेस।।
दो टूक : देश की राजधानी दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना दे रहे देश भर के युवाओं, छात्रों-छात्राओं द्वारा अपनी मांगों को लेकर केन्द्र की मोदी सरकार का ध्यान आकृष्ट कराने के लिए संसद कूच का कार्यक्रम आयोजित किया गया, भारी पुलिस बल द्वारा बैरीकेडिंग लगाये जाने के बावजूद हजारों की संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं संसद भवन तक पहंुच गये, उन पर पुलिस द्वारा बर्बरतापूर्ण कार्यवाही करते हुए लाठीचार्ज किये जाने, वाटर कैनन की बौछार व आंसू गैस के गोले छोड़े जाने जैसी दमनात्मक कार्यवाही करते हुए छात्रों-युवाओं की आवाज को दबाने का कार्य किया गया है, उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी इसकी कड़ी निन्दा करती है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने जारी बयान में कहा कि सोमवार दिल्ली में जिस प्रकार हमारे देश के युवाओं, छात्रों, छात्राओं पर बलपूर्वक कार्यवाही की गयी है, पुलिस की लाठियों से तमाम छात्र और छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गये, उनके सिर फट गये, मोदी सरकार की दमनात्मक कार्यवाही ने अंग्रेजों के दमन की याद दिला दी है। मोदी सरकार संवैधानिक तरीके से अपनी जायज मांगों को लेकर आन्दोलन करने वाले लोगों को कुचलने का कार्य कर रही है जो लोकतंत्र के लिए घातक है।
उन्होने कहा कि जन नेता लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी द्वारा नीट परीक्षा सहित तमाम प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक के विरोध में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत जिस प्रकार देश भर के छात्रों एवं युवाओं की आवाज उठायी जा रही है, उनके हितों के लिए सड़कों पर उतरकर संघर्ष कर रहे हैं, उसी का परिणाम है कि आज पूरे देश के युवा, छात्र देश हित में आवाज उठाने के लिए आगे आ रहे हैं निश्चित तौर पर यह मोदी सरकार के ताबूत में आखिरी कील साबित होगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कोई भी आन्दोलन बातचीत से रूकता है लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़ने से नहीं रूकता है। नीट पेपर लीक की जांच कराये जाने और केन्द्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेन्द्र प्रधान को मंत्रिमण्डल से बर्खास्त करने की मांग आज पूरे देश की आवाज बन चुका है। मोदी सरकार इसकी जवाबदेही से बच नहीं सकती है। अब यह मांग पूरे देश की आवाज बन चुकी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कभी भी लोकतंत्र पर विश्वास नहीं रहा। वर्ष 2014 से वह खुद मोदी सरकार की दमनकारी, उत्पीड़नात्मक कार्यवाही के खिलाफ लड़ रहे हैं। उन्होने कहा कि आज जिस प्रकार भाजपा सरकार द्वारा दमन चक्र चलाया जा रहा है किसी भी चुनी हुई सरकार के लिए शर्मनाक है।