सोमवार, 20 जुलाई 2026

लखनऊ : गुमशुदगी निकली अपहरण की वारदात,एक आरोपी गिरफ्तार, लापता युवक की तलाश जारी।||Lucknow: Missing case turns out to be a kidnapping case; one suspect arrested; search continues for missing youth.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
गुमशुदगी निकली अपहरण की वारदात,एक आरोपी गिरफ्तार, लापता युवक की तलाश जारी।
दो टूक : गुमशुदगी की जांच के दौरान अपहरण का मामला आया सामने।
चिनहट पुलिस ने अपहरण के आरोप में एक युवक को किया गिरफ्तार।
पूछताछ में आरोपी ने साथी युवकों के साथ जबरन कार में बैठाकर मारपीट करने की बात कबूली।
लापता युवक की तलाश और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार जुटी।
राजधानी लखनऊ के चिनहट थाना पुलिस ने गुमशुदगी की जांच के दौरान सामने आए अपहरण के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट करने और बाराबंकी के देवा रोड के पास सड़क किनारे छोड़ देने की बात स्वीकार की है। हालांकि पीड़ित युवक का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। उसकी तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार, 2 जून 2026 को गुलफाम अहमद (22 वर्ष) के लापता होने पर थाना चिनहट में गुमशुदगी दर्ज की गई थी। मामले की जांच उपनिरीक्षक रितेश सिंह को सौंपी गई थी। बाद में 19 जुलाई को गुलफाम के भाई इस्तीयाक अहमद, निवासी ग्राम ज्ञानीपुर, थाना शिवगढ़, जनपद सुल्तानपुर ने तहरीर देकर भाई के अपहरण की आशंका जताई। इसके आधार पर गुमशुदगी को तरमीम करते हुए थाना चिनहट में मु.अ.सं. 387/2026 के तहत धारा 140(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अपहृत युवक की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान समीर पुत्र मोहम्मद हनीफ, निवासी कंचनपुर मटियारी, थाना चिनहट, को संदिग्ध पाए जाने पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सीएनजी पम्प पर वाहन आगे बढ़ाने को लेकर गुलफाम से विवाद हुआ था। इसके बाद उसने अपने साथियों आदिल, साहिल तथा एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर गुलफाम को जबरन वाहन में बैठाया, उसके साथ मारपीट की और बाराबंकी के देवा रोड के पास सड़क किनारे छोड़ दिया। आरोपी ने बताया कि इसके बाद गुलफाम कहां गया, इसकी उसे कोई जानकारी नहीं है।
पुलिस ने आरोपी समीर को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, अपहृत युवक की तलाश और फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। लापता युवक की तलाश और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार जुटी।