गौतमबुद्धनगर: RWA-AOA की समस्याओं पर जिलाधिकारी गंभीर, बोले— जनसुविधाओं में नहीं होगी कोई लापरवाही, प्रशासन और नागरिक संस्थाओं के बीच मजबूत होगा समन्वय !!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर। जिले में नागरिक सुविधाओं को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की दिशा में गुरुवार को जिलाधिकारी ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए नोएडा और ग्रेटर नोएडा की विभिन्न रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA), अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) तथा फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में विस्तृत बैठक की। बैठक में नागरिक समस्याओं के त्वरित समाधान, प्रशासन और नागरिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय तथा जनसुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने को लेकर गंभीर मंथन हुआ।
बैठक के दौरान डिप्टी रजिस्ट्रार कार्यालय, सूरजपुर के कार्यदिवसों के पुनर्निर्धारण सहित विभिन्न संस्थाओं से जुड़े प्रशासनिक एवं जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। RWA और AOA के पदाधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं, नागरिक सुविधाओं में सुधार, संस्थाओं से जुड़े मामलों के समयबद्ध निस्तारण तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक सरल और प्रभावी बनाने के संबंध में अपने सुझाव जिलाधिकारी के समक्ष रखे।
इस अवसर पर पदाधिकारियों ने जनहित से जुड़े विषयों पर प्रशासन के साथ नियमित संवाद बनाए रखने और नागरिकों की समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए एक मजबूत समन्वय तंत्र विकसित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। बैठक में पारदर्शी व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा नागरिक सहभागिता बढ़ाने पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि RWA, AOA एवं अन्य सामाजिक संस्थाएं प्रशासन और आम नागरिकों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ये संस्थाएं स्थानीय समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के बिना सुशासन की कल्पना संभव नहीं है और प्रशासन नागरिक संगठनों के साथ सकारात्मक संवाद एवं बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि बैठक में प्राप्त सभी सुझावों और मांगों का नियमानुसार परीक्षण कराया जाएगा तथा जनहित, संस्थाओं की सुविधा और सुशासन के सिद्धांतों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने सामाजिक हित में कार्य कर रहे सभी पदाधिकारियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अरुण कुमार, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के संबंधित अधिकारी, फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट विजय कुमार भाटी सहित विभिन्न RWA एवं AOA के पदाधिकारी उपस्थित रहे।।
