शुक्रवार, 10 जुलाई 2026

मऊ : जून माह के तीन उच्च मूल्य के बैनामों की डीएम ने की जांच।।||May: The DM investigated three high-value deeds from June.||

शेयर करें:
मऊ : 
जून माह के तीन उच्च मूल्य के बैनामों की डीएम ने की जांच।।
डी एम ने एक प्रकरण में विस्तृत रिपोर्ट की तलब।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद में उच्च मूल्य के बैनामों की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने शुक्रवार को जून माह में पंजीकृत तीन बड़े मूल्य के बैनामों का स्थलीय निरीक्षण कर अभिलेखों एवं स्टांप शुल्क का गहन परीक्षण किया। जांच के दौरान दो प्रकरण सही पाए गए, जबकि एक मामले में संदिग्ध स्थिति मिलने पर संबंधित तहसील से विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान बैनामा संख्या 5327/2026 का परीक्षण किया गया, जिसमें क्रेता श्रीमती सुमन भारद्वाज हैं। लगभग 3 करोड़ 27 लाख 8 हजार रुपये मूल्य की यह संपत्ति तहसील सदर के मौजा ताहीरपुर में स्थित है तथा इसका क्षेत्रफल 1308.25 वर्ग मीटर है। मौके पर अभिलेखों और स्टांप शुल्क का मिलान करने पर सभी विवरण सही पाए गए।
इसके बाद बैनामा संख्या 5462/2026 की जांच की गई। इस बैनामे में श्रीमती अंजू क्रेता हैं तथा संपत्ति की मालियत 1 करोड़ 19 लाख 16 हजार रुपये है। मौजा हकीकतपुर स्थित 375 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाली इस संपत्ति के अभिलेख एवं स्टांप शुल्क भी जांच में सही पाए गए।
वहीं बैनामा संख्या 5495/2026 में जेपी फाउंडेशन (श्री शैलेंद्र मिश्रा) द्वारा खरीदी गई 2 करोड़ 10 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति, जो मौजा ख्वाजाजहाँपुर में 1830 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में स्थित है, के स्थलीय परीक्षण के दौरान अभिलेखों एवं स्टांप शुल्क के संबंध में संदिग्ध स्थिति सामने आई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित तहसील से विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नियमानुसार जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व एवं स्टांप से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एआईजी स्टांप राकेश सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।