गौतमबुद्धनगर: 25 हजार के इनामी लुटेरे का दादरी पुलिस से एनकाउंटर, लिफ्ट देकर लूटपाट करने वाला बदमाश पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर के दादरी क्षेत्र में शुक्रवार को थाना दादरी पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने लिफ्ट देकर लूटपाट करने वाले गिरोह के एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, पीड़ित का आधार कार्ड तथा चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, थाना दादरी पुलिस चिटहैरा नहर स्थित पेरिफेरल अंडरपास के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार एक संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह पुलिस को देखकर बाइक मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान अशोक कुमार उर्फ आशु उर्फ भोला, निवासी ग्राम जिटोली, थाना निधौली कलां, जनपद एटा के रूप में हुई। आरोपी पर दादरी थाना क्षेत्र में दर्ज लूट के मामले में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा (.315 बोर), एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, लूटे गए पीड़ित का आधार कार्ड तथा चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
लिफ्ट देने के बहाने बनाया था शिकार
पुलिस जांच के अनुसार, 20 मई 2026 को दादरी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात कार सवारों ने उसे लिफ्ट देने के बहाने अपनी गाड़ी में बैठाया। इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसका मोबाइल फोन, नकदी तथा आधार कार्ड लूटकर फरार हो गए। इस मामले में थाना दादरी में मुकदमा दर्ज किया गया था और जांच के दौरान अशोक कुमार उर्फ आशु की संलिप्तता सामने आने पर उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
कई संगीन मामलों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ लूट, हत्या, डकैती और गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में एटा और इटावा जनपदों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और गिरोह की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही हैं।
