रोजगार की नई राह: गौतमबुद्धनगर में टीसीएस और सेवायोजन विभाग की बड़ी पहल, युवाओं के लिए कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव व एमओयू से खुलेंगे हजारों अवसर!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर: जिले के युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उद्योगों की जरूरत के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। जिला सेवायोजन कार्यालय, गौतमबुद्धनगर और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के संयुक्त तत्वावधान में ग्रेटर नोएडा स्थित जीएनआईओटी संस्थान में एक दिवसीय कौशल एवं रोजगार उन्मुख कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान युवाओं के लिए आगामी महीनों में विशेष कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित करने की घोषणा के साथ-साथ रोजगार सृजन और कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी संपन्न किया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को बदलते औद्योगिक परिवेश, रोजगार के नए अवसरों और कौशल विकास के महत्व से अवगत कराना था। कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि उद्योगों और शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर युवाओं को रोजगार के लिए पूरी तरह तैयार किया जाए, ताकि उन्हें पढ़ाई पूरी करने के बाद बेहतर करियर के अवसर मिल सकें।
कार्यक्रम में जिले के कई प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनमें दिल्ली टेक्निकल कैंपस, मंगलमय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, राम-ईश इंस्टीट्यूट, एक्यूरेट इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज, द्रोणाचार्य ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, विश्वेश्वरैया ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, जीएल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, इनोवेटिव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, नोएडा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एनआईईटी) तथा लॉयड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस शामिल रहे।
इसके अलावा विभिन्न एमएसएमई इकाइयों, आर्या फैशन्स, सिद्धि इन्फो नेट, राल्वो इंजीनियरिंग, मातंगी पॉलिमर्स, एयर फ्लो, केयर डेकोर इंडिया सहित इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) और इंडियन बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए) के प्रतिनिधियों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई। उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने वर्तमान समय में कुशल और प्रशिक्षित कर्मचारियों की बढ़ती मांग तथा रोजगार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण और रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी महीनों में टीसीएस के सहयोग से स्नातक उत्तीर्ण एवं गैर-तकनीकी अभ्यर्थियों के लिए विशेष कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की जाएगी। इसमें शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को सेवायोजन विभाग के 'रोजगार संगम' पोर्टल तथा टीसीएस आयन (TCS iON) पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना होगा।
कार्यशाला के दौरान विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधियों ने यह भी बताया कि उन्हें योग्य और प्रशिक्षित मानव संसाधन की उपलब्धता में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर जिला सेवायोजन अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि जिला सेवायोजन कार्यालय टीसीएस के सहयोग से उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप योग्य एवं कुशल अभ्यर्थियों की पहचान कर उन्हें रोजगार से जोड़ने का कार्य करेगा। इससे एक ओर स्थानीय उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन मिलेगा तो दूसरी ओर युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
कार्यक्रम की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि उत्तर प्रदेश सरकार और प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थान आर्या फैशन के बीच रोजगार सृजन और कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हुए महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर रहे। इस समझौते के माध्यम से युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही उद्योगों को प्रशिक्षित और दक्ष मानव संसाधन भी उपलब्ध हो सकेगा।
कार्यक्रम के समापन पर सभी शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक संगठनों, एमएसएमई प्रतिनिधियों एवं विशेषज्ञों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे रोजगारोन्मुखी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि उद्योग, शिक्षण संस्थानों और सेवायोजन विभाग के बीच मजबूत समन्वय से गौतमबुद्धनगर के युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे और प्रदेश के औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलेगी।।
