शुक्रवार, 10 जुलाई 2026

मऊ :तीन शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार, चोरी के तीन मोबाइल व अवैध तमंचा बरामद।||Mau:Three notorious mobile thieves arrested, three stolen mobile phones and an illegal pistol recovered.||

शेयर करें:
मऊ :
तीन शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार, चोरी के तीन मोबाइल व अवैध तमंचा बरामद।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार कर कब्जे से चोरी की मोबाइल बरामद कि गिरफ्तार युवकों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
विस्तार :
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल फोन, एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक मिस कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार तड़के मुखबिर से सूचना मिली कि ख्वाजाजहाँपुर मछली मंडी के पास रेलवे लाइन पुल के नीचे तीन संदिग्ध व्यक्ति किसी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को मौके से दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक यादव उर्फ कल्लू निवासी बहरीपुर बड़ेगांव थाना रानीपुर (मऊ), अविनाश तिवारी निवासी गोपालपुर काली मंदिर थाना हुसैनपुर (सिवान, बिहार) तथा आकाश तिवारी निवासी ग्राम चैनवा थाना रसूलपुर (छपरा, बिहार) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान अभिषेक यादव के पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक मिस कारतूस बरामद हुआ। वहीं अविनाश तिवारी के कब्जे से Realme 11 Pro 5G तथा आकाश तिवारी के पास से HMD की-पैड मोबाइल और OPPO कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। तीनों आरोपित मोबाइलों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पूछताछ में अविनाश और आकाश ने बताया कि वे रिश्ते में साढ़ू हैं और मऊ शहर में किराये पर रहकर कपड़ों की फेरी करते हैं। फेरी के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी किए गए मोबाइलों को खोलकर उनके पार्ट्स अलग-अलग बेच देते थे। अविनाश ने बरामद Realme मोबाइल को भीटी चौक क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया, जबकि आकाश ने बरामद दोनों मोबाइलों को चोरी का बताया। अभिषेक यादव ने स्वीकार किया कि वह चोरी के दौरान पकड़े जाने पर लोगों को डराकर भागने के लिए अवैध तमंचा साथ रखता था।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली नगर थाना में मु.अ.सं. 204/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अभिषेक यादव उर्फ कल्लू के विरुद्ध पहले से भी चोरी, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं, जिससे वह एक आदतन अपराधी के रूप में चिन्हित है।