मऊ :
पुलिस ने दो गुम मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाया।।
दो टूक : मऊ जनपद में गुम हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मऊ पुलिस की साइबर टीम को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में शुक्रवार को कुल 02 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया गया।
कोपागंज थाना पुलिस ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की सहायता से सिंघपुर निवासी राजू का लगभग 15 हजार रुपये मूल्य का नोवा-2 मोबाइल फोन बरामद किया। वहीं, मुहम्मदाबाद साइबर पुलिस टीम ने नोनियापुर निवासी प्रीतम यादव पुत्र दहारी यादव का लगभग 22 हजार रुपये कीमत का वीवो मोबाइल फोन खोज निकाला।
बरामद दोनों मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 37 हजार रुपये है। आवश्यक सत्यापन के बाद दोनों मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर दोनों लाभार्थियों ने मऊ पुलिस और साइबर टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनके कार्य की सराहना की।
मऊ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने पर तत्काल नजदीकी थाने अथवा साइबर सेल में सूचना दें और सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे गुम मोबाइल की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित की जा सके।
