गौतमबुद्धनगर: कावड़ यात्रा से पहले नोएडा पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था का एडीसीपी ने लिया जायजा; फुट पेट्रोलिंग कर दिए सख्त निर्देश!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर डीसीपी नोएडा साद मिया खान के पर्यवेक्षण में एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में पुलिस बल के साथ व्यापक फुट पेट्रोलिंग कर कांवड़ मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।
फुट पेट्रोलिंग के दौरान एडीसीपी ने कांवड़ मार्ग का भौतिक सत्यापन करते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग भी की। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए, लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
एडीसीपी मनीषा सिंह ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा पीसीआर एवं पीआरवी वाहनों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने, कानून-व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखने तथा आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है तथा सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।।