मऊ :
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से राष्ट्रीय पक्षी मोर गंभीर घायल, समय पर उपचार से बची जान।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के कोपागंज थाना क्षेत्र के ढेला बांध गांव में शुक्रवार सुबह एक राष्ट्रीय पक्षी मोर हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की तत्परता और पशु चिकित्सकों के समय पर उपचार से मोर की हालत में लगातार सुधार हो रहा है और वह अब खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को थाना कोपागंज क्षेत्र ढेला बांध गांव में हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से राष्ट्रीय पक्षी मोर गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोर उड़ते हुए हाईटेंशन तार पर बैठने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और झुलसकर पास के पानी से भरे गड्ढे में गिर पड़ा। पानी में तड़पते मोर को देखकर वहां से गुजर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे।
गांव निवासी दिनेश कुमार गौतम ने बिना देर किए पानी में उतरकर घायल मोर को सुरक्षित बाहर निकाला। मोर की सांस चलती देख ग्रामीणों ने उसे तत्काल कोपागंज राजकीय पशु चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के साथ इंजेक्शन देकर इलाज शुरू किया।
पशु चिकित्सकों के अनुसार उपचार के कुछ ही समय बाद मोर को होश आ गया और उसकी स्थिति में लगातार सुधार देखा जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि उचित देखभाल और उपचार के बाद कुछ दिनों में मोर पूरी तरह स्वस्थ हो जाएगा।
घायल राष्ट्रीय पक्षी को समय रहते बचा लेने पर ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त किया और पशु चिकित्सकों की सराहना की। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से हाईटेंशन लाइनों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की, ताकि भविष्य में वन्यजीव इस प्रकार की घटनाओं का शिकार न हों।
