गौतमबुद्धनगर: नोएडा में बीच बाजार दबंगई का तांडव: मामूली साइड लगने के विवाद में युवक को बेरहमी से पीटा, CCTV में कैद हुई वारदात!!
दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक घटना सामने आई है। थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के रसूलपुर नवादा (नवादा गांव) में कार सवार दबंग युवकों ने मामूली साइड लगने के विवाद को लेकर एक मोटरसाइकिल सवार युवक पर बीच बाजार में हमला कर दिया। दबंगों ने युवक को सड़क पर गिराकर बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सेक्टर-62 के निकट नवादा गांव के बाजार क्षेत्र में हुई। कार सवार युवक अचानक वाहन रोककर मोटरसाइकिल सवार से उलझ पड़े। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और कई युवकों ने मिलकर युवक पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। बीच बाजार हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग सहम गए। कुछ लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल युवक ने थाना सेक्टर-58 पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, 16/17 जुलाई 2026 की रात वाहन की साइड लगने को लेकर कार और मोटरसाइकिल सवारों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद कार सवार व्यक्तियों ने मोटरसाइकिल सवार के साथ मारपीट की।
थाना सेक्टर-58 पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की दबंगई कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।।
