शनिवार, 25 जुलाई 2026

मऊ : फरियादियों की डीएम ने सुनीं समस्याएं, भूमि विवादों के निष्पक्ष व समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश।||Mau:The District Magistrate heard the grievances of complainants and issued instructions for the impartial and time-bound resolution of land disputes.||

शेयर करें:
मऊ : 
फरियादियों की डीएम ने सुनीं समस्याएं, भूमि विवादों के निष्पक्ष व समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश।
।।देवेन्द्र कुमार कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के थाना घोसी में आयोजित थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि संबंधी विवादों का समाधान राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवादों में दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनते हुए विधिसम्मत कार्रवाई की जाए, ताकि किसी भी पक्ष के साथ अन्याय न हो और विवाद का स्थायी समाधान निकल सके।
थाना समाधान दिवस में प्राप्त अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद से संबंधित रहीं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों में मौके पर जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर, राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी तथा संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।