रविवार, 26 जुलाई 2026

मऊ :कोपागंज में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का शव,हत्या की आशंका।।||Mau:The body of a young man was found under suspicious circumstances in Kopaganj, raising suspicion of murder.||

शेयर करें:
मऊ :
कोपागंज में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का शव,हत्या की आशंका।।
दो टूक : मऊ जनपद के कोपागंज थाना क्षेत्र के कसारा गांव के समीप रविवार दोपहर एक लगभग 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस हत्या समेत अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुट गई है। सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
जानकारी के अनुसार कसारा गांव से करीब 100 मीटर पहले देई माई स्थान के पास बने चबूतरे के निकट युवक का शव पड़ा मिला। ग्रामीणों के अनुसार शव संभवतः शनिवार रात से वहीं पड़ा था। रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे बकरी चराने गए बच्चों की नजर शव पर पड़ी। बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोपागंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस ने मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के गांवों और थानों में सूचना प्रसारित की, लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पहचान न होने के कारण शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है।
घोसी क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा युवक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। पुलिस हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन विवेचना कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही युवक की पहचान और घटना के कारणों का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।