गुरुवार, 16 जुलाई 2026

मऊ :जल संरक्षण एवं स्वच्छता का पुलिस कर्मियों ने लिया संकल्प,एसपी कमलेश बहादुर ने दिलाई शपथ।||Mau:Police personnel pledged to conserve water and maintain cleanliness; SP Kamlesh Bahadur administered the oath.||

शेयर करें:
मऊ :
जल संरक्षण एवं स्वच्छता का पुलिस कर्मियों ने लिया संकल्प,एसपी कमलेश बहादुर ने दिलाई शपथ।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : जल संरक्षण एवं स्वच्छता अभियान के तहत गुरुवार को पुलिस कार्यालय मऊ में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मऊ श्री कमलेश बहादुर एवं अपर पुलिस अधीक्षक  अनूप कुमार ने पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को जल संरक्षण, स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और इन उद्देश्यों की पूर्ति के लिए सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह जल का सदुपयोग करे, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा दे तथा अपने घर, कार्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाए।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्वयं इन संकल्पों का पालन करने के साथ-साथ आमजन को भी जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जल की प्रत्येक बूंद को बचाने, स्वच्छता बनाए रखने, एकल उपयोग वाले प्लास्टिक के अनावश्यक प्रयोग से बचने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सदैव तत्पर रहने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक, समस्त शाखा प्रभारी सहित पुलिस कार्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।