मऊ :
ट्रैक्टर से हाइवे पर स्टंट कर रील बनाने वाले दो युवक गिरफ्तार,ट्रैक्टर सीज।
●रील वायरल होते ही हरकत मे आयी पुलिस की कार्रवाई।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए हाइवे पर ट्रैक्टर के ऊपर चढ़कर स्टंटबाजी करते हुए रील बनाना दो युवकों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने मामले की जांच कर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया तथा स्टंट में प्रयुक्त ट्रैक्टर को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में हाईवे पर स्टंटबाजी करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना दक्षिण टोला पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल रील की जांच की। जांच में पता चला कि लगभग एक माह पूर्व रामपुर चकिया फ्लाईओवर पर दो युवकों ने ट्रैक्टर के ऊपर चढ़कर खतरनाक स्टंट करते हुए रील बनाई थी, जिससे सड़क पर चलने वाले लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती थी।
जांच के आधार पर गुरुवार, 16 जुलाई 2026 को थाना दक्षिण टोला पुलिस ने रामपुर चकिया फ्लाईओवर के पास से नितेश यादव पुत्र रमई यादव एवं संदीप यादव पुत्र राजेन्द्र, निवासी रामपुर चकिया, थाना दक्षिण टोला, जनपद मऊ को स्टंट में प्रयुक्त ट्रैक्टर सहित पकड़ लिया।
पुलिस ने दोनों युवकों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही स्टंट में इस्तेमाल किए गए ट्रैक्टर को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए सड़क या हाइवे पर किसी भी प्रकार की स्टंटबाजी न करें। इस तरह की हरकतें न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि स्वयं और अन्य लोगों के जीवन को भी खतरे में डालती हैं।
