गुरुवार, 16 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर में मतदेय स्थलों का पुनर्निर्धारण अंतिम चरण में, 17 जुलाई तक दे सकेंगे आपत्तियां और सुझाव!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर में मतदेय स्थलों का पुनर्निर्धारण अंतिम चरण में, 17 जुलाई तक दे सकेंगे आपत्तियां और सुझाव!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

डीएम ने जनप्रतिनिधियों व राजनीतिक दलों के साथ की अहम बैठक, हाईराइज सोसायटियों में मतदाताओं की सुविधा के लिए नए मतदान केंद्र बनाने के निर्देश

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 16 जुलाई। आगामी निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण से पहले जिले में मतदेय स्थलों के पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। गुरुवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदेय स्थलों के संभाजन (1200 मतदाताओं के मानक के आधार पर) से संबंधित सुझावों एवं आपत्तियों के निस्तारण के बाद तैयार की गई सूची की जानकारी साझा की।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुरूप मतदाताओं की सुविधा, पारदर्शिता और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए मतदेय स्थलों का पुनर्निर्धारण किया गया है। राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों से पूर्व में प्राप्त सभी सुझावों एवं आपत्तियों का परीक्षण करने के बाद अंतिम रूप से तय किए गए मतदेय स्थलों की जानकारी बैठक में मौजूद सभी प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई। साथ ही जिन प्रस्तावों को स्वीकार किया गया और जिन्हें अस्वीकार किया गया, उनके संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल अथवा जनप्रतिनिधि को किसी मतदेय स्थल के संबंध में कोई तथ्यात्मक संशोधन, विशेष परिस्थिति या जनहित से जुड़ा कोई सुझाव देना है तो वह 17 जुलाई 2026 की शाम तक संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष लिखित रूप में प्रस्तुत कर सकता है। प्राप्त प्रस्तावों का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि राजनीतिक दलों से प्राप्त प्रत्येक सुझाव और आपत्ति का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से परीक्षण किया जाए। जिन मामलों में असहमति या आपत्ति दर्ज की गई है, वहां संबंधित लेखपाल और बीएलओ के साथ संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर वस्तुस्थिति पर आधारित विस्तृत रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि मतदेय स्थलों के अंतिम निर्धारण में किसी भी प्रकार की तथ्यात्मक त्रुटि या मतदाताओं को असुविधा की स्थिति उत्पन्न न हो।

उन्होंने विशेष रूप से हाईराइज सोसायटियों का उल्लेख करते हुए निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप मतदाताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। जहां आवश्यकता हो वहां नए मतदेय स्थलों की स्थापना सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता को अपने निवास के निकट और सुगमता से मतदान की सुविधा मिल सके।

बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, सांसद प्रतिनिधि संजय बाली, विधायक दादरी प्रतिनिधि दीपक यादव, भाजपा जिला महामंत्री धर्मेंद्र कोरी, कांग्रेस नेता नीरज लोहिया, बसपा जिलाध्यक्ष लखमी सिंह, बसपा प्रतिनिधि राजकुमार गुर्जर एवं सूरजपाल, सपा जिला प्रभारी अनूप तिवारी, आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष परशुराम चौधरी, प्रतिनिधि दिलदार अंसारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, तहसीलदार दादरी कृष्ण कुमार चौरसिया तथा जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी भी बैठक में मौजूद रहे।