बुधवार, 1 जुलाई 2026

मऊ :स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर कोपागंज का कृष्णा हॉस्पिटल सीज।||Mau:Krishna Hospital in Kopaganj was sealed on the instructions of the Health Minister.||

शेयर करें:
मऊ :
स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर कोपागंज का कृष्णा हॉस्पिटल सीज।
 अवैध संचालन और गंभीर आरोपों के बाद बड़ी कार्रवाई।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के कोपागंज कस्बे में अवैध रूप से संचालित कृष्णा हॉस्पिटल के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सीज कर दिया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक के निर्देश पर की गई। अस्पताल पर बिना मानकों के संचालन और गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व एक मीडिया स्ट्रिंग ऑपरेशन में अस्पताल के भीतर कथित तौर पर नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त जैसे गंभीर आरोप उजागर हुए थे। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और शासन स्तर पर भी इसे गंभीरता से लिया गया।
स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश के बाद अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) डॉ. आर.एन. सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम कोपागंज पहुंची। जांच के दौरान अस्पताल के संचालन में कई अनियमितताएं और आवश्यक मानकों की कमी पाए जाने पर अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया।
डॉ. आर.एन. सिंह ने बताया कि शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि बिना वैध अनुमति, मानकों के विपरीत संचालित होने वाले तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यदि जांच में किसी अधिकारी, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति की मिलीभगत सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कोपागंज थाना पुलिस तथा अन्य प्रशासनिक कर्मचारी मौजूद रहे। कृष्णा हॉस्पिटल पर हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अन्य निजी अस्पतालों और क्लीनिक संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग ने संकेत दिए हैं कि जनपद में मानकों के विपरीत चल रहे अस्पतालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।