मऊ :
स्कूली वाहनों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई,15 वाहनों का चालान।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस एवं परिवहन विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर स्कूली वाहनों की सघन जांच की। पुलिस अधीक्षक मऊ के निर्देश पर परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने स्कूल खुलने के पहले ही दिन विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर वाहनों की जांच की।
जांच अभियान के दौरान 15 स्कूली वाहनों का चालान किया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 2 स्कूली वाहनों को सीज कर दिया गया। अधिकारियों ने वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की।
प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बताया कि फिटनेस समाप्त होने पर 137 स्कूली वाहनों तथा परमिट समाप्त होने पर 284 स्कूली वाहनों का पंजीयन (आरसी) निलंबित कर दिया गया है। यदि संबंधित विद्यालय प्रबंधन शीघ्र ही वाहनों का फिटनेस एवं परमिट नवीनीकरण नहीं कराता है तो ऐसे वाहनों का पंजीयन निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित स्कूल प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य की होगी।
परिवहन एवं पुलिस विभाग ने सभी स्कूल प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि विद्यालय में संचालित सभी वाहनों को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित किया जाए। साथ ही वाहन चालकों एवं परिचालकों के वैध ड्राइविंग लाइसेंस तथा पुलिस चरित्र सत्यापन कराने के बाद ही उन्हें ड्यूटी पर लगाया जाए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।
